अविमुक्तेश्वरानंद पर केस दर्ज होने से हलचल, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी: शंकराचार्च स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्यों के खिलाफ प्रयागराज के झूंसी थाने में पाक्सो के तहत केस दर्ज होने के बाद हलचल तेज हो गई है. इसी सिलसिले में पूछताछ और जांच करने झूंसी थाना प्रभारी महेश मिश्रा वाराणसी पहुंचे. टीम स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य से घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं पर पूछताछ कर रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.

अविमुक्तेश्वरानंद बोले- मैं गिरफ्तारी के लिए तैयार हूं
इस बीच आज सोमवार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, "यदि पुलिस हमें गिरफ्तार करने की कार्रवाई करती है, तो हम उनका विरोध नहीं करेंगे. जांच में हम सहयोग करेंगे. जनता सब कुछ देख रही है... झूठ का पर्दाफाश अंततः हो ही जाता है. प्रयागराज में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, ताकि यदि कुछ भी होता है, तो वे वॉर रूम से उस पर नजर रख सकें और सब कुछ रिकॉर्ड हो जाए. "स्वामी ने यह भी कहा कि उनकी बस उनके कैंप के अंदर खड़ी नहीं थी, क्योंकि पुलिस की बर्बरता के बाद वे कैंप में नहीं गए थे. उन्होंने कहा, "स्थिति को सीसीटीवी में देखा जा सकता है. हमने कभी गुरुकुल में पढ़ाई नहीं की और हमारा उनसे कोई लेना-देना नहीं है." मुकदमे में प्रस्तुत मार्कशीट से यह स्पष्ट होता है कि वे हरदोई के एक स्कूल के छात्र हैं.

स्वामी ने सवाल उठाया कि जब वे कभी यहाँ आते ही नहीं और इस स्थान से उनका कोई संबंध नहीं है, तो कोई उनके खिलाफ कैसे कुछ कर सकता है. स्वामी ने यह भी कहा कि कुछ लोग सनातन धर्म को नष्ट करने के लिए धर्म का चोला ओढ़कर आए हैं. उन्होंने कहा, कि वे स्वयं हिंदू हैं, लेकिन वे भ्रम फैला रहे हैं कि 'एक सीडी है, तो इसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है.' जनता को यह समझना चाहिए कि ऐसे लोग समाज में भ्रम पैदा कर रहे हैं. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अपने अनुयायियों से अपील की कि वे धैर्य रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने कहा कि सत्य की जीत होगी और जो लोग झूठ बोल रहे हैं, उनका पर्दाफाश होगा. उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे, लेकिन किसी भी प्रकार की हिंसा या अव्यवस्था में शामिल नहीं होंगे.
पुलिस कार्रवाई को लेकर स्वामी का बड़ा बयान
प्रयागराज पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्वामी ने कहा कि वे पूरी प्रक्रिया का सम्मान करेंगे और कानून का पालन करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने अनुयायियों को सही जानकारी देंगे ताकि कोई भी गलतफहमी न हो. स्वामी ने अंत में कहा कि सत्य और धर्म की रक्षा के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हैं और सत्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं. वहीं दूसरी ओर वाराणसी और श्रीविद्यामठ क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है कि कभी भी प्रयागराज की पुलिस वाराणसी पहुंच सकती है. हालांकि कार्रवाई को लेकर टीम के आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकती है.

दरअसल, आशुतोष महाराज ने प्रयागराज की स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में दो बच्चों को पेश कर गंभीर आरोप लगाए थे. बच्चों के बयान कोर्ट में कैमरे के सामने दर्ज किए गए. कोर्ट के आदेश पर शनिवार देर रात झूंसी थाने में एफआईआर दर्ज की गई. मामले में अविमुक्तेश्वरानंद, उनके शिष्य मुकुंदानंद और 2–3 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.

