सेंट्रल हिन्दू गर्ल्स स्कूल की यूनिफॉर्म बदली, नीला जैकेट-ट्राउजर और चेक वाला कुर्ता नई पहचान

वाराणसी : काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) द्वारा संचालित सेंट्रल हिन्दू गर्ल्स स्कूल की छात्राओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए विद्यालय की यूनिफॉर्म में बदलाव किया गया है। स्कूल बोर्ड की ओर से नई यूनिफॉर्म को स्वीकृति दे दी गई है। नई यूनिफॉर्म में नीले रंग का जैकेट, ट्राउजर और नीले चेक वाला कुर्ता शामिल किया गया है।
विद्यालय की ओर से खेलकूद के लिए भी चार हाउस के अनुसार अलग-अलग रंगों की यूनिफॉर्म को मंजूरी दी गई है। वर्तमान में छात्राओं के लिए सफेद रंग की यूनिफॉर्म लागू है। सफेद यूनिफॉर्म से जुड़ी व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए छात्राओं की ओर से लंबे समय से यूनिफॉर्म में बदलाव की मांग की जा रही थी।
नई यूनिफॉर्म के लिए नवप्रवेशित छात्राओं को 30 सितंबर तक का समय
विद्यालय की कक्षा 6, 8 और 11 में नवप्रवेशित छात्राओं को नई यूनिफॉर्म बनवाने के लिए 30 सितंबर तक का समय दिया गया है। वहीं, विद्यालय में पहले से अध्ययनरत छात्राओं के लिए फिलहाल नई यूनिफॉर्म लेना अनिवार्य नहीं किया गया है। वे अपनी सुविधा के अनुसार नई यूनिफॉर्म अपना सकती हैं या वर्तमान सफेद यूनिफॉर्म में ही पढ़ाई जारी रख सकती हैं।
विद्यालय की सभी छात्राओं के लिए अप्रैल 2028 से नई यूनिफॉर्म अनिवार्य कर दी जाएगी।
छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया निर्णय
स्कूल बोर्ड की उपाध्यक्ष प्रो. नंदिता घोषाल ने बताया कि यूनिफॉर्म में बदलाव का निर्णय कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि नई यूनिफॉर्म को लेकर छात्राओं में काफी उत्साह है।
ALSO READ: जिला स्तरीय चयन में पहलवानों ने दिखाया दमखम
विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रो. मधु कुशवाहा ने कहा कि यूनिफॉर्म डिजाइन समिति ने बालिका विद्यार्थियों के सरोकारों और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई यूनिफॉर्म तैयार की है। नई यूनिफॉर्म को स्वीकृति मिलने के बाद विद्यालय में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।



