वाराणसी में बेखौफ स्नैचर: ग्राम प्रधान की पत्नी की चेन झपटी, CCTV खंगाल रही पुलिस...

वाराणसी : शिवपुर थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है. बाइक सवार बदमाश ग्राम प्रधान की पत्नी के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार, कुड़ी बड़ागांव के ग्राम प्रधान चंदगी यादव की पत्नी आशा यादव शाम करीब 7 बजे बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं. जैसे ही वह घर के पास पहुंचीं, मुंह पर गमछा बांधे काले रंग की बाइक पर सवार एक युवक अचानक उनके पास आया और वारदात को अंजाम दे दिया.
महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही बदमाश ने उनके गले से करीब 22 ग्राम वजनी सोने की चेन (लगभग 3 लाख रुपए) झपट ली. पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ने की कोशिश की और उसकी बाइक पकड़ ली, लेकिन बदमाश तेज रफ्तार से भाग निकला.
घटना की सूचना के बाद डायल 112 और शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाली जा रही है.
Also Read : कम लोड वाले उपभोक्ताओं को राहत, एक माह तक नहीं कटेंगे कनेक्शन...
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. कॉलोनी के निवासियों का आरोप है कि शाम होते ही इलाके में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है और पुलिस गश्त भी पर्याप्त नहीं होती. इससे चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं. यह घटना शहर में बढ़ती स्नैचिंग की घटनाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े करती है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाती है.



