पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या, सियासत गरम...

पश्चिम बंगाल में एक बार फिर राजनीतिक हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है. भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना कोलकाता के पास मध्यमग्राम इलाके में बुधवार देर रात हुई, जिसके बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है.जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ अपनी कार से घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमले में रथ गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य सहयोगी भी घायल बताए जा रहे हैं. दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया.पुलिस के अनुसार, घटना मध्यमग्राम के नॉर्थ 24 परगना इलाके में हुई. शुरुआती जांच में इसे सुनियोजित हमला माना जा रहा है. हमलावरों की तलाश के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कई टीमें जांच में जुटी हैं. चंद्रनाथ रथ लंबे समय से सुवेंदु अधिकारी के करीबी माने जाते थे और भाजपा के कई राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह पूर्व भारतीय वायुसेना कर्मी भी रह चुके थे और 2019 से सुवेंदु अधिकारी की टीम के साथ जुड़े हुए थे.
also read:20 मई को दवा बंद की तैयारी तेज: पूर्वांचल की सबसे बड़ी दवा मंडी सप्तसागर में व्यापारियों की हुंकार...
घटना के बाद भाजपा ने पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्या को “पूर्व नियोजित हमला” बताते हुए कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए. वहीं तृणमूल कांग्रेस ने भी घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और सीबीआई जांच की मांग की है.
इस हत्या के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है. चुनाव बाद हिंसा को लेकर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं.



