वाराणसी के इस बैंक के बाहर अचानक गोली चलने से अफरा तफरी, युवक घायल

वाराणसी : शिवपुर थाना क्षेत्र के बड़ालालपुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाहर गुरुवार दोपहर एक गंभीर घटना होने से बच गई. यहां एटीएम के पास सुरक्षा में तैनात एक निजी सुरक्षा गार्ड की दोनाली बंदूक से अचानक गोली चल गई. गोली के छर्रे पास खड़े एक युवक की कलाई में जा लगे, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी चिकित्सा केंद्र भिजवाया.
कंधे से बंदूक उतारते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, चोलापुर के अटेसुवा निवासी अवधेश राजभर गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे बड़ालालपुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे. जैसे ही वह एटीएम के पास पहुंचे, वहां तैनात सुरक्षाकर्मी रामचंद्र यादव अपनी दोनाली बंदूक को एक कंधे से उतारकर दूसरे कंधे पर टांगने की कोशिश कर रहे थे. इसी बीच बंदूक का ट्रिगर अचानक दब गया और गोली जमीन की तरफ चल गई. जमीन और एटीएम की दीवार से टकराते हुए गोली के छर्रे छिटककर अवधेश राजभर की बाईं कलाई में जा लगे, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े.
पुलिस कर रही जांच
हादसे के बाद घायल अवधेश किसी तरह पास की चांदमारी पुलिस चौकी पहुंचे और आपबीती बताई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. उपचार के बाद पीड़ित युवक ने शिवपुर थाने में सुरक्षा गार्ड के खिलाफ लिखित तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ALSO READ: वाराणसी के ऐतिहासिक तालाब, कुंड और कुओं के कायाकल्प के लिए करोड़ों का समझौता...
हाल ही में विश्वनाथ मंदिर के पास भी हुई थी ऐसी ही घटना
वाराणसी में सुरक्षाकर्मियों के हथियारों से मिसफायर होने की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले बीते 4 जुलाई की सुबह श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार के सामने भी ऐसा ही हादसा हुआ था. वहां सुरक्षा में तैनात पीएसी के एक हेड कांस्टेबल के हाथ से अचानक कार्बाइन चल गई थी. इस घटना में भी गोली सड़क से टकराकर छिटकी थी, जिसकी गिट्टियां लगने से पास की दुकान में काम कर रहे तीन कर्मचारी घायल हो गए थे. शिवपुर पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और लापरवाही बरतने वालों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.



