काशी पहुंची चिन्मय अमृत यात्रा, ज्ञान और वेदांत के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प

वाराणसी : चिन्मय मिशन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘चिन्मय अमृत महोत्सव’ के तहत निकाली जा रही चिन्मय अमृत यात्रा वाराणसी पहुंची। काशी की आध्यात्मिक धरती पर यात्रा का साधकों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया। 11 और 12 अगस्त को वाराणसी में यात्रा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वेदांत मर्मज्ञ स्वामी चिन्मयानंद द्वारा स्थापित चिन्मय मिशन की 75 वर्षों की यात्रा और उसकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अमृत यात्रा देशभर में निकाली जा रही है। यात्रा के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा, वेदांत के संदेश, आध्यात्मिक चेतना और मानव सेवा के संकल्प को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
चिन्मय मिशन के अनुसार यह यात्रा 295 दिनों तक देश के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरेगी। इस दौरान युवाओं के साथ संवाद, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, सत्संग और सामुदायिक आयोजन किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए स्वामी चिन्मयानंद की शिक्षाओं और वेदांत के जीवनोपयोगी संदेश को समाज तक पहुंचाने का प्रयास होगा।
ALSO READ : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर BHU में जीवंत हुई नौटंकी, ‘सत्य हरिश्चंद्र’ का मंचन
काशी में भारतीय ज्ञान परंपरा पर चर्चा
वाराणसी में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान भारतीय संस्कृति, सनातन ज्ञान परंपरा, वेदांत, साधना और सेवा के महत्व पर चर्चा हुई। साधकों और श्रद्धालुओं ने इन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। काशी में यात्रा के पहुंचने से चिन्मय मिशन से जुड़े कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रयागराज के लिए रवाना हुई यात्रा
वाराणसी में कार्यक्रमों के बाद चिन्मय अमृत यात्रा प्रयागराज के लिए रवाना हो गई। इसके बाद देश के विभिन्न क्षेत्रों में यात्रा के पड़ाव होंगे, जहां आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से चिन्मय मिशन की 75 वर्षों की यात्रा और उसके संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
चिन्मय अमृत यात्रा का समापन 23 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में प्रस्तावित है। समापन अवसर पर देशभर में हुई यात्रा और विभिन्न कार्यक्रमों के अनुभवों को साझा किया जाएगा।
चिन्मय मिशन की यह यात्रा केवल 75 वर्षों की उपलब्धियों को स्मरण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्ञान, साधना, सेवा और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा को वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों से जोड़ने का अभियान है। काशी से प्रयागराज की ओर बढ़ी यात्रा अब देशभर में वेदांत और भारतीय ज्ञान परंपरा के संदेश को आगे ले जाएगी।



