आरामदायक सफर: यूपी की पहली स्लीपर वंदे भारत 31 से चलेगी, वाराणसी से होगा संचालन...

वाराणसी : नई दिल्ली और वाराणसी के बीच तेज और आरामदायक सफर के लिए देश की दूसरी और उत्तर प्रदेश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन जल्द शुरू होने जा रहा है. इस हाई-स्पीड स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ 31 अक्टूबर को वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किए जाने की तैयारी है. इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं. बता दें कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का प्रारंभ 17 जनवरी 2026 को पीएम नरेंद्र मोदी ने मालदा टाउन और गुवाहाटी के बीच किया था.
वहीं, यूपी की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन 31 अक्टूबर को एक स्पेशल ट्रेन के रूप में किया जाएगा. उद्घाटन के दिन स्लीपर वंदे भारत को सुबह 11:00 बजे वाराणसी से चलाया जा सकता है. सीएम योगी और रेलमंत्री वाराणसी सिटी से
राजातालाब तक चलने वाली मेमू ट्रेन, वाराणसी से साबरमती और बनारस स्टेशन से प्रयागराज रामबाग तक चलने वाली मेमू ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
नियमित होने पर सप्ताह में छह दिन चलेगी स्लीपर वंदे भारत
स्लीपर वंदे भारत का संचालन सप्ताह में छह दिन किया जाएगा. यह ट्रेन शनिवार को नहीं चलेगी. वाराणसी से नई दिल्ली के लिए ट्रेन संख्या 27421 रात 08:50 बजे वाराणसी से रवाना होगी और रात 10:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी. यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन रात 10:40 बजे प्रस्थान करेगी. इसके बाद रात 12:40 से 12:45 बजे कानपुर सेंट्रल होते हुए यह ट्रेन अगले दिन सुबह 05:55 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी.
ALSO READ: पीएम मोदी का काशी आगमन: पुलिस लाइन से नमो घाट तक स्वागत की तैयारी, एयर शो में होंगे शामिल
वापसी की दिशा में नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली ट्रेन संख्या 27422 रात 09:40 बजे नई दिल्ली से छूटेगी. यह ट्रेन अगले दिन सुबह 04:45 से 04:50 बजे प्रयागराज और सुबह 06:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी. इसके संचालन की तिथि की घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है.



