नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में हार पर कांग्रेस ने सपा पर फोड़ा ठिकरा, बताया इन्हें जिम्मेदार

वाराणसी : महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कांग्रेस पार्षदों संग मैदागिन पार्टी कार्यालय पर पत्रकार वार्ता के माध्यम से नगर निगम वाराणसी की कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी पर गठबंधन धर्म का पालन न करने का प्रकरण उठाया. आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण के लिए सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष एवं सपा नेता पार्षद दल जिम्मेदार हैं. इन्हीं के द्वारा कांग्रेस पार्टी को लिखित रूप से आगामी कार्यकारिणी चुनाव में समर्थन देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन चुनाव के समय उसी आश्वासन से पीछे हटकर गठबंधन धर्म का उल्लंघन किया गया.

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों के बीच विश्वास, पारदर्शिता और आपसी प्रतिबद्धता का सम्मान सर्वोपरि होता है. वर्ष 2025 के नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने पूरी निष्ठा के साथ समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों का समर्थन किया था, जिसके परिणामस्वरूप समाजवादी पार्टी के पार्षद अमरदेव यादव एवं प्रमोद यादव कार्यकारिणी के सदस्य निर्वाचित हुए थे. उस समय सपा के महानगर अध्यक्ष एवं सपा नेता पार्षद दल द्वारा लिखित आश्वासन दिया गया था कि अगले चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को पूरा समर्थन दिया जाएगा. इस बार कांग्रेस पार्टी ने अपने अधिकृत प्रत्याशी एवं नेता पार्षद दल गुलशन अंसारी को मैदान में उतारा, लेकिन सपा महानगर अध्यक्ष और सपा नेता पार्षद दल ने अपने ही लिखित वचन से मुकरते हुए गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया.
ALSO READ : तहसील पिंडरा में हुआ संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, 117 में से 12 मामले निस्तारित
गठबंधन धर्म को लेकर खिंची तलवार
इससे गठबंधन की भावना और राजनीतिक नैतिकता को गंभीर आघात पहुँचा है. कांग्रेस पार्टी इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सौंपेगी और बताएगी कि वाराणसी में समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष एवं सपा नेता पार्षद दल ने लिखित आश्वासन के बावजूद गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया. कांग्रेस ने हमेशा अपने सहयोगी दलों का सम्मान किया है और हर परिस्थिति में गठबंधन धर्म निभाया है, लेकिन इस बार समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेतृत्व ने अपने वचन से पीछे हटकर कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास को ठेस पहुँचाई है. पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, पार्षद दल नेता गुलशन अली, रमजान अली, तुफैल, वोकाश अंसारी, बेलाल अहमद, धीरज सोनकर, किशन यादव और रामजी गुप्ता उपस्थित रहे.



