बलिदानी की बहनों से कांग्रेसजनों ने बंधवाई राखी, वीडियो कॉल से अजय राय ने लिया कुशलक्षेम....

वाराणसी : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले काशी के वीर सपूत बलिदनी विशाल पाण्डेय के हुकुलगंज स्थित आवास पर कांग्रेसजनों ने पहुंचकर उनकी बहनों से राखी बंधवाई और पूरे परिवार का कुशलक्षेम जाना. इस दौरान विशाल पाण्डेय के बलिदान को स्मरण करते हुए कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा शहीद परिवार के साथ सदैव खड़े रहने का संकल्प दोहराया.
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर बलिदानी विशाल पाण्डेय की बहनों से राखी बंधवाने की आत्मीय परंपरा का निर्वहन किया गया. प्रदेश अध्यक्ष अजय राय इस वर्ष काशी से बाहर होने के कारण स्वयं बलिदानी परिवार के घर नहीं पहुंच सके. उनके निर्देश पर कांग्रेसजन बलिदानी विशाल पाण्डेय के घर पहुंचे. इस दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के सुपुत्र शांतनु राय ने कांग्रेसजनों के साथ उनकी बहनों से राखी बंधवाई और शहीद परिवार के प्रति अपनी आत्मीयता एवं सम्मान व्यक्त किया.

वहीं, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वीडियो कॉल के माध्यम से बलिदानी विशाल पाण्डेय की बहनों से बातचीत की. उन्होंने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनका कुशलक्षेम जाना और परिवार के सभी सदस्यों से बातचीत कर अपना स्नेह एवं आत्मीयता व्यक्त की. गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय विशाल पाण्डेय की बहनों से राखी बंधवाते रहे हैं. यह केवल एक पर्व की औपचारिकता नहीं, बल्कि शहीद परिवार के साथ उनके आत्मीय और पारिवारिक रिश्ते का प्रतीक है. अजय राय की अनुपस्थिति में भी इस परंपरा को जारी रखते हुए कांग्रेसजनों शहीद परिवार के घर पहुंचकर राखी बंधवाना इस रिश्ते की निरंतरता को दर्शाता है.
ALSO READ:टेबल टेनिस में प्रतियोगिता में यश और ईशान ने दिखाए शानदार खेल...
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि शहीद विशाल पाण्डेय का बलिदान पूरे देश और काशी के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और आपसी जिम्मेदारी का पर्व है. विशाल पाण्डेय जी आज हमारे बीच नहीं हैं, उनकी कमी को कोई पूरा नहीं कर सकता, लेकिन उनकी बहनों और परिवार को कभी अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार हमेशा शहीद परिवार के साथ खड़ा रहा है और आगे भी उनके हर सुख-दुःख में पूरी मजबूती के साथ साथ खड़ा रहेगा.

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि शहीद विशाल पाण्डेय का परिवार केवल उनका अपना परिवार नहीं, बल्कि पूरे काशी और कांग्रेस परिवार का परिवार है. देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत के परिवार के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी निभाना हम सभी का कर्तव्य है. प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी इस आत्मीय परंपरा का निर्वहन किया गया. इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने शहीद विशाल पाण्डेय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, देशभक्ति एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया. साथ ही शहीद परिवार को यह विश्वास दिलाया कि कांग्रेस पार्टी सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी.



