CSC में लूटपाट की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शुरु की कार्रवाई

The accused who tried to rob a CSC has been arrested; police have initiated action.
वाराणसी: बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजीसराय स्थित SBI ग्राहक सेवा केंद्र (CSC) में पिस्टल के बल पर लूट की कोशिश करने वाले आरोपी को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया, आरोपी की पहचान गौतम पटेल निवासी भरतपुर, बड़ागांव के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, ग्राहक सेवा केंद्र संचालक जावेद अली शनिवार रात करीब 8 बजे अपने सेंटर पर मौजूद थे, इसी दौरान एक युवक अचानक काउंटर पर पहुंचा और पिस्टल निकालकर कैश की मांग करने लगा, आरोपी ने संचालक को धमकाते हुए कहा कि पैसे निकालो, नहीं तो गोली मार दूंगा. घटना से घबराए संचालक जावेद अली ने तुरंत शोर मचा दिया, आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, खुद को घिरता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी.

आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल बरामद
सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल भी बरामद की है, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4) एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था और आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने लूट की कोशिश की. हालांकि, लोगों की सतर्कता के चलते उसकी योजना मौके पर ही विफल हो गई, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Also Read: वाराणसी पुलिस ने किया चैन स्नैचिंग का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार



