दालमंडी में 27 से फिर गरजेगा बुलडोजर, 18 भवनों पर फोकस

वाराणसी: दालमंडी सड़क चौड़ीकरण को लेकर फिर तैयारी शुरू हो गई है. इसी परिप्रेक्ष्य में सोमवार को मुनादी कराई गई है. दरअसल, ईद और रमजान के चलते यहां ध्वस्तीकरण रोक दिया गया था. मुनादी कराने के साथ क्षेत्र के 18 मकानों को नोटिस भी दिया गया है. अब इसे एक बार फिर से तेजी से शुरू किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर डी गई है. गौरतलब है कि दालमंडी और आसपास का इलाका पूर्वांचल की सबसे बड़ी थोक मंडी है.

यह भी पढ़ें: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने खड़ी की चतुरंगिणी सेना, पदानुसार तय की जिम्मेदारी
रमजान और ईद के बाद दाल मंडी में एक बार फिर पीडब्ल्यूडी का हथौड़ा और बुलडोजर चलने को तैयार है. इसको लेकर पुलिस प्रशासन और पीडब्लूडी के लोगों की सक्रियता एक बार फिर क्षेत्र में देखने को मिली है. बताया जा रहा है कि 18 मकानों और दुकानों को खाली करने का नोटिस दिया गया है. मुनादी की कार्रवाई से दाल मंडी में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानदारों के सामने एक बार फिर रोजी रोटी को लेकर संकट खड़ा हो गया है.
27 मार्च से शुरू होगी कार्रवाई
दरअसल, 15 फरवरी को दाल मंडी में आखरी बार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी. इसके बाद रमजान का महीना होने के कारण जिला प्रशासन ने इसे रोक दिया था. अब रमजान और ईद की समाप्ति के बाद बताया जा रहा है कि 27 मार्च से फिर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी. लगातार मुनादी करवा कर लोगों को उनके मकानों को खाली करने को कहा जा रहा है.

46 भवनों की हुई रजिस्ट्री
जिला प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों को मानें तो अब तक 46 भवन स्वामियों ने अपने मकान और दुकान की रजिस्ट्री जिला प्रशासन के नाम कर दी है. बता दें कि इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जद में 187 मकान आ रहे हैं, जिनमें 6 धार्मिक स्थल भी शामिल हैं. नई सड़क से चौक तक करीब 600 मीटर का यह रास्ता विश्वनाथ मंदिर दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चौड़ा किया जा रहा है.



