दालमंडी सड़क चौड़ीकरण: 65 मकानों पर नोटिस, एक सप्ताह में नक्शा नहीं देने पर होगी कार्रवाई

Dalmandi road widening: Notices issued to 65 houses; action will be taken if map is not provided within a week
वाराणसी: दालमंडी में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. इसी क्रम में वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने 187 प्रभावित मकानों में से 65 पर नोटिस चस्पा कर भवन स्वामियों से स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत करने को कहा है. नोटिस मिलने के बाद शुक्रवार को कई भवन स्वामी वीडीए कार्यालय पहुंचे और अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं. उनका कहना था कि अधिकांश मकान पुराने हैं और उनके पास स्वीकृत मानचित्र उपलब्ध नहीं है. इस दौरान अधिकारियों और भवन स्वामियों के बीच तीखी बहस भी हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका.

दस्तावेज प्रस्तुत ना करने पर होगी ध्वस्तीकरण कार्रवाई
वीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी. उधर, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अब तक 187 में से 47 मकानों की रजिस्ट्री पूरी कर चुका है और करीब 33 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है. इनमें 15 मकान पहले ही ध्वस्त किए जा चुके हैं, जबकि अन्य पर कार्रवाई जारी है. परियोजना के तहत दालमंडी से चौक थाना तक सड़क को 17.5 मीटर चौड़ा किया जाना है. कार्य की धीमी प्रगति पर शासन की नाराजगी के बाद जिला प्रशासन, पीडब्ल्यूडी और वीडीए ने कार्रवाई तेज कर दी है.

Also Read: काशी विद्यापीठ में शुल्क वृद्धि के खिलाफ ABVP ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी
नोटिस पाने वालों में डॉ. अकबर अली, गुलाम रजा, काजिम रजा, मासूम रजा, प्यारे हसन, अंजुमन मुस्लिम मुसाफिरखाना के सेक्रेटरी, वाफ मोहम्मद अली असगर, जौनत बीबी और सविविल्लाह मौसमा प्रमुख हैं. पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह के अनुसार, बरसात से पहले चौड़ीकरण की जद में आने वाले शेष मकानों को हटाने की तैयारी की जा रही है.

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने 187 में से 47 मकानों की रजिस्ट्री कर दी है और 33 करोड़ रुपये का मुआवजा भी बांट चुका है. इनमें से 15 मकान पहले ही जमींदोज हो चुके हैं, जबकि शेष मकानों को तोड़ने की प्रक्रिया जारी है.



