छात्राओं से रूबरू हुए DCP काशी, पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर दिया सफलता का मंत्र....

वाराणसी: डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने सोमवार को रामनगर स्थित राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और भविष्य के करियर को लेकर मार्गदर्शन देना रहा।
संवाद के दौरान छात्राओं से यूपी बोर्ड परीक्षा के साथ-साथ जेईई, नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। डीसीपी गौरव बंसवाल ने छात्राओं को पढ़ाई के साथ लक्ष्य निर्धारित करने और उसके अनुरूप नियमित तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी हैं। किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी है। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहते हुए समय का सदुपयोग करने की सलाह दी।
ALSO READ:संकष्टी गणेश चतुर्थी पर काशी में गूंजा ‘जय गणेश’ और ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष, मांगी सुख-समृद्धि...
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। डीसीपी ने छात्राओं के प्रश्नों का जवाब देते हुए उन्हें बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक सुझाव दिए। संवाद के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में रामनगर थाना प्रभारी संजय मिश्रा के अलावा विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारी और छात्राओं के बीच हुए इस संवाद को शिक्षा एवं करियर मार्गदर्शन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया।



