काशी यूथ समिट में गूंजे लोकतांत्रिक संवाद बीएचयू में आयोजित हुई 'मॉक पार्लियामेंट 2.0...

वाराणसी. काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के मालवीय मूल्य अनुशीलन केन्द्र में शनिवार को भाषा विज्ञान विभाग कला संकाय के शैक्षणिक सहयोग से काशी यूथ समिट मॉक पार्लियामेंट 2.0 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों संसदीय परंपराओं नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक संवाद की संस्कृति को बढ़ावा देना था. इसमें वाराणसी के विभिन्न विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के लगभग 170 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.

समापन समारोह के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने विचार रखने का अवसर देना लोकतंत्र की मूल भावना है. उन्होंने कहा कि मॉक पार्लियामेंट जैसे आयोजन विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, प्रभावी अभिव्यक्ति नेतृत्व क्षमता और संवाद कौशल का विकास करते हैं. उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे आयोजनों को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाया जाना चाहिए ताकि वे लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय कार्यप्रणाली से प्रेरणा ले सकें.
विशिष्ट अतिथि एवं कला संकाय की संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को ऐसा वातावरण प्रदान करता है, जहां वे नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सकारात्मक सोच का विकास कर सकें. वहीं छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने कहा कि मॉक पार्लियामेंट के लिए चुने गए विषय वर्तमान समय के महत्वपूर्ण मुद्दों से जुड़े हैं और इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास तथा संवाद कौशल को मजबूत करते हैं.
ALSO READ : विश्वप्रसिद्ध रामनगर की रामलीला के पात्रों के चयन के लिए तीन दर्जन से अधिक मठों को भेजा गया संदेश...
कार्यक्रम के संयोजक एवं भाषा विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अभिनव कुमार मिश्र ने कहा कि काशी यूथ समिट विचारों की रचनात्मक क्रांति का मंच है. इसका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर सार्थक एवं तथ्यपरक संवाद का अवसर उपलब्ध कराना है.



