सावन में रक्तदान कर श्रद्धालुओं ने पेश की मानवता की मिसाल, बीएचयू विश्वनाथ मंदिर के बाहर लगा रक्तदान शिविर

वाराणसी : सावन माह में जहां श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना और दान-पुण्य के माध्यम से पुण्य अर्जित कर रहे हैं, वहीं काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर के बाहर आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने रक्तदान कर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की। शिविर में श्रद्धालुओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील की।
उत्तर प्रदेश के बागपत से काशी दर्शन के लिए आए गुरुदत्त ने रक्तदान के बाद कहा कि सावन के पावन महीने में बाबा भोलेनाथ को नमन करते हुए वह यही कहना चाहते हैं कि आज के समय में रक्तदान सबसे बड़ा दान है। उन्होंने कहा कि भगवान की पूजा के साथ यदि किसी जरूरतमंद की जान बचाने के लिए रक्तदान किया जाए तो यह सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने बीएचयू के छात्रों और रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली टीम का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें काशी में रक्तदान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
शिविर के आयोजक राहुल वर्मा ने बताया कि लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना उनका उद्देश्य है। उनकी टीम बीएचयू सहित देश के विभिन्न हिस्सों में नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करती है। उन्होंने बताया कि 'लाइफ सेवर आर्मी' नाम से एक पोर्टल भी संचालित किया जा रहा है, जहां रक्तदाता और रक्त की आवश्यकता वाले लोग पंजीकरण कर सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद करता है।
ALSO READ : वाराणसी में किया अनोखा विरोध प्रदर्शन, कहा - स्मार्ट सिटी में मौत का गड्ढा
रक्तदान शिविर के दौरान श्रद्धालुओं ने इसे सामाजिक सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की।



