डीजी जेल ने सेंट्रल जेल में परखी व्यवस्था, बंदियों की परेड का किया निरीक्षण

वाराणसी : डीजी कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं पीसी मीणा ने शनिवार को सेंट्रल जेल वाराणसी का निरीक्षण किया. इस अवसर पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने उनका स्वागत करते हुए कारागार की विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कराया. इस दौरान जेल कर्मियों में अफरा तफरी की स्थिति बनी रही.निरीक्षण की शुरुआत कारागार में संचालित काष्ठ कला एवं लौह उद्योग से हुई, जहाँ निर्मित फर्नीचर और अन्य वस्तुओं की गुणवत्ता की महानिदेशक ने प्रशंसा की. इसके बाद उन्होंने नव निर्मित वीडियो हॉल एवं कारागार में स्थापित पीसीओ का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान काफिला सर्किल नम्बर दो पहुँचा, जहाँ बैरक संख्या तीन और चार में बन्दियों की परेड देखी गई.
बंदियों से किया संवाद
इस दौरान महानिदेशक ने बन्दियों से संवाद कर उनके मुकदमों और शासन की योजनाओं से मिलने वाले लाभों की जानकारी ली. महानिदेशक ने पाकशाला में तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया, जिससे वे संतुष्ट नजर आए. सर्किल नम्बर तीन में भी बन्दियों की परेड का निरीक्षण किया गया और स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा हुई. नई सुबह संस्था के श्री अजय कुमार तिवारी द्वारा मानसिक रोगियों की काउंसिलिंग व्यवस्था की जानकारी ली गई और मानसिक बन्दियों से भी संवाद किया गया.
इसके अतिरिक्त, महानिदेशक ने कोल इंडिया द्वारा स्थापित इलेक्ट्रिक बेकरी मशीन, बिस्कुट और पावरोटी निर्माण इकाई तथा गौशाला की व्यवस्था को भी परखा. मुख्य दीवार पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने कंसर्टीना वायर फेंसिंग लगाने का सुझाव दिया.
ALSO READ : यूजीसी के समर्थन में हरिश्चंद्र कालेज में प्रदर्शन, नए नियम लागू करने की मांग
साफ सफाई पर जोर
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारागार की साफ-सफाई पर जोर दिया और भोजन, सुरक्षा और रोजगारपरक गतिविधियों की सराहना करते हुए विजिटर बुक में प्रशंसा दर्ज की. इस अवसर पर वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे. महानिदेशक पीसी मीणा के इस निरीक्षण ने कारागार की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में उम्मीद जगी है. उन्होंने कारागार में सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और भविष्य में और अधिक सुधारों की आवश्यकता पर बल दिया.



