वाराणसी स्नातक सीट पर भी सपा का कब्जा बरकरार, कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

वाराणसी में स्नातक एमएलसी सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने लगातर दूसरी बार जीत हासिल कर ली. आरोप-प्रत्यारोप के बीच अंतिम गणना में आशुतोष सिन्हा को 55046 मत प्राप्त हुए. इसके साथ ही 19932 वोटों से सिन्हा विजयी घोषित हुए. इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया. मतगणना स्थल पर सुबह से ढोल-नगाजों की धुन गूंजती रही. वहीं जीत से सपाइयों में गजब का उत्साह देखने को मिला. जबकि भाजपा खेमे के टेंट में सुबह सन्नाटा पसर गया और कुर्सियां दोपहर तक सिमट गईं.
जीत का श्रेय अखिलेश यादव और सपा कार्यकर्ताओं को दिया
स्नातक विधान परिषद सीट पर जीत दर्ज करने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने अपनी जीत का श्रेय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कार्यकर्ताओं को दिया. उन्होंने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी के हर नेता, कार्यकर्ता, साथी और शुभचिंतक की जीत है, जिन्होंने पूरे मनोयोग से उनका साथ दिया. एक सवाल पर आशुतोष सिन्हा ने कहा, “अभी तो यह झांकी है, उत्तर प्रदेश में सरकार बनना बाकी है.” उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी अब उत्तर प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
ALSO READ : वाराणसी में युवाओं के लिए मौका, 40 कंपनियां देंगी नौकरी, लगेगा रोजगार मेला
बता दें कि बुधवार से गुरुवार तक मतगणना जारी रही. इस दौरान सपा और भाजपा कार्यकर्तों में नोकझोंक भी हुई. बुधवार की शाम को भाजपा के नेता, मंत्री और कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन भी किया. बता दें कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने बुधवार को पहले चक्र से ही बढ़त बनाए रखी. 16वें चक्र की गणना के बाद आशुतोष सिन्हा को 51263 और केदारनाथ को 34052 वोट मिले. वहीं 17 वें राउंड में आशुतोष को 51513 तो केदारनाथ को 34114 वोट मिले. 18वें राउंड में आशुतोष को 51624 केदारनाथ को 34648 वोट मिले. 19वें राउंड में आशुतोष को 51753 और केदारनाथ को 34502 वोट मिले.
20 वीं गणना के पश्चात प्राप्त मत
आशुतोष सिन्हा- 51880
केदारनाथ सिंह - 34685
21वीं गणना के पश्चात प्राप्त मत
आशुतोष सिन्हा- 52060
केदारनाथ सिंह - 37766
22वीं गणना के पश्चात प्राप्त मत
आशुतोष सिन्हा- 52735
केदारनाथ सिंह - 35041
23वीं गणना के पश्चात प्राप्त मत
आशुतोष सिन्हा- 53573
केदारनाथ सिंह - 35114
सपा कार्यकर्ता बोले- 2027 में बनेगी अखिलेश यादव की सरकार
सपा की बढ़त पर कार्यकर्ताओं और नेताओं में जश्न का माहौल है. वाराणसी समेत आसपास के जिलों के नेता भी मतगणना स्थल पर एकत्रित हुए. वहीं सपा की बढ़त पर कार्यकताओं ने कहा कि 2027 में अखिलेश यादव की सरकार बनेगी.



