रोहनिया में लगा दिशा सूचक बोर्ड, अब आसानी से पहुंच सकेंगे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम

वाराणसी: रोहनिया बाजार-गंगापुर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग ने नया दिशा सूचक बोर्ड स्थापित किया है, बोर्ड लगने से रोहनिया स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों, दर्शकों और बाहर से आने वाले लोगों को रास्ता तलाशने में सहूलियत होगी.
दिशा सूचक बोर्ड पर प्रमुख स्थानों की दूरी और उनकी ओर जाने वाले मार्ग की जानकारी दी गई है. इसके अनुसार रोहनिया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की दूरी 7.80 किलोमीटर, गंगापुर की 5.80 किलोमीटर, मोहनसराय की 8.30 किलोमीटर, वाराणसी रिंग रोड की 8.70 किलोमीटर, वाराणसी कैंट की 7 किलोमीटर और काशी विश्वनाथ धाम की दूरी 13 किलोमीटर दर्शाई गई है, वहीं प्रयागराज की दूरी 117 किलोमीटर बताई गई है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक स्टेडियम तक पहुंचने के लिए पहले स्पष्ट दिशा संकेत नहीं होने के कारण बाहर से आने वाले खिलाड़ी और दर्शक कई बार रास्ता भटक जाते थे, बिजली विभाग के कर्मचारी मनीष सिंह ने बताया कि स्टेडियम का रास्ता स्पष्ट नहीं होने से लोगों को परेशानी होती थी. अब दिशा सूचक बोर्ड लगने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी.

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सरकार के निर्देश पर प्रमुख खेल स्थलों और सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाने के लिए दिशा सूचक बोर्ड लगाए जा रहे हैं, आने वाले समय में अन्य प्रमुख खेल मैदानों और स्थलों के लिए भी ऐसे बोर्ड लगाए जाएंगे.
ALSO READ:लूट की योजना बना रहे तीन बदमाश गिरफ्तार, असलहा व कारतूस बरामद
दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाने से ग्रामीणों और युवा खिलाड़ियों में भी खुशी है, लोगों ने लोक निर्माण विभाग के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे स्टेडियम तक पहुंचने में समय की बचत होगी और बाहर से आने वाले खिलाड़ियों व दर्शकों को रास्ता तलाशने में सुविधा मिलेगी.



