लूट की योजना बना रहे तीन बदमाश गिरफ्तार, असलहा व कारतूस बरामद

वाराणसी: बड़ागांव थाना पुलिस ने राहगीरों को डराकर बाइक, मोबाइल और रुपये लूटने की कथित योजना बना रहे तीन युवकों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की देशी पिस्टल, .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगा रखी थी.
पुलिस के मुताबिक मदनपुर-बड़ागांव मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, इसी दौरान काले रंग की होंडा साइन बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए. पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक रोककर वापस मदनपुर की ओर भागने का प्रयास किया. संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया.
तलाशी में रवि सिंह के पास से .32 बोर की अवैध देशी पिस्टल, शशि सिंह के पास से .315 बोर का एक खोखा और जिंदा कारतूस तथा आदर्श मिश्रा के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ.
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे इन असलहों के बल पर राहगीरों को डराकर उनकी बाइक, मोबाइल और रुपये लूटने की योजना बना रहे थे. पुलिस के अनुसार तीनों इसी उद्देश्य से निकले थे, तभी चेकिंग के दौरान पकड़े गए.
ALSO READ:काशी विश्वनाथ के आसपास की गलियों में सफाई पर रहेगी कैमरों की नजर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि सिंह (21), शशि सिंह (20), दोनों निवासी हरहुआ सिंहापुर और आदर्श मिश्रा (21) निवासी अनेई, थाना बड़ागांव के रूप में हुई है.
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 329/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना में प्रयुक्त होंडा साइन बाइक संख्या UP65FS3018 का धारा 207 एमवी एक्ट के तहत चालान किया गया है.
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विवेकानन्द द्विवेदी, सुनील कुमार यादव, अमित कुमार वर्मा तथा कांस्टेबल राकेश कुमार और आलोक सिंह शामिल रहे.



