Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

“भिक्षा वृत्ति मुक्त वाराणसी”पर दिव्यांग सहायक उपकरण वितरण समारोह सम्पन्न, इन मुद्दों पर रहा फोकस

“भिक्षा वृत्ति मुक्त वाराणसी”पर दिव्यांग सहायक उपकरण वितरण समारोह सम्पन्न, इन मुद्दों पर रहा फोकस
Jun 07, 2026, 01:04 PM
|
Posted By Preeti Kumari

वाराणसी: माँ गंगा के पावन तट पर स्थित अपना घर आश्रम, सामनेघाट-गढ़वाघाट रोड, मलहिया, वाराणसी में रविवार को “भिक्षा वृत्ति मुक्त वाराणसी” विषय पर एक महत्वपूर्ण विचार गोष्ठी एवं वयोश्री योजना अंतर्गत दिव्यांग सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य भिक्षावृत्ति उन्मूलन, पुनर्वास, कौशल विकास तथा समाज के वंचित एवं दिव्यांग वर्ग के कल्याण हेतु चलाए जा रहे प्रयासों पर व्यापक चर्चा किया गया.


क


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर सिंह उपस्थित रहे, दोनों अतिथियों ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए प्रशासन एवं सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया.


विचार गोष्ठी का शुभारंभ स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ. इसके उपरांत विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए, अनिल जाजोदिया ने “भिक्षावृत्ति : कारण एवं निवारण” विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भिक्षावृत्ति केवल आर्थिक समस्या नहीं बल्कि सामाजिक, शैक्षिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों से भी जुड़ी हुई है. इसके प्रभावी समाधान के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा.


“भिक्षा वृत्ति उन्मूलन : रेस्क्यू एवं पुनर्वास की चुनौतियाँ” विषय पर रवि उपाध्याय ने अपने विचार रखते हुए बताया कि भिक्षावृत्ति में संलग्न व्यक्तियों के पुनर्वास हेतु निरंतर प्रयास, समन्वय और संवेदनशीलता की आवश्यकता होती है. वहीं एनसीईआरटी के पूर्व निदेशक एवं डीन रिसर्च ने भिक्षावृत्ति उन्मूलन में कौशल विकास एवं पुनर्वास की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की तथा स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया.


“स्माइल परियोजना भारत सरकार : एक दृष्टि” विषय पर जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश दवे ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. इसके बाद डॉ. के. निरंजन ने “भिक्षा वृत्ति मुक्त वाराणसी : संकल्पना एवं परिणति” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए काशी को भिक्षा वृत्ति मुक्त बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला.


र


कार्यक्रम में सीआरसी वाराणसी के निदेशक आशीष झा ने “वयोश्री योजना” की विस्तृत जानकारी देते हुए वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को मिलने वाली सुविधाओं एवं सहायक उपकरणों के महत्व को बताया. इसके बाद प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित जनों ने विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे और विशेषज्ञों ने उनके समाधान प्रस्तुत किए.


विचार गोष्ठी के उपरांत मुख्य अतिथियों द्वारा वयोश्री योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। साथ ही भिक्षावृत्ति से पुनर्वासित एवं विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से आत्मनिर्भर जीवन जी रहे प्रभुजनों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर उनकी सफलता की कहानियों ने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया.


ALSO READ: ढाई करोड़ की चोरी मामले में बड़ा खुलासा, पुलिस ने खंगाले 100 CCTV फुटेज


कार्यक्रम की अध्यक्षता ओ.एन. उपाध्याय ने की। अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने अल्पाहार प्रसाद ग्रहण किया. कार्यक्रम का समापन समाज को भिक्षा वृत्ति मुक्त एवं समावेशी बनाने के संकल्प के साथ सायं 6 बजे सम्पन्न हुआ.

वाराणसी की 30 महिलाएं बनी 'सोलर दीदी', नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
वाराणसी की 30 महिलाएं बनी 'सोलर दीदी', नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
वाराणसी : भारत सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत संचालित 'सोलर दीदी' अभियान के तहत वाराणसी में 30 महिलाओं को रोजगार प्रदान किया गया. आर्क सूर्य शक्ति प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित चयन एवं नियुक्ति कार्यक्रम में चयनित महिलाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए. साथ ही उन्हें सौर ऊर्जा से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण, कार्य प्रणाली और जनजागरूकता अभियान से जुड़ी जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई.कार्यक्रम में आर्क सूर्य शक्ति प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अभिषेक सिंह 'चंचल' ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण किसी भी विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है. 'सोलर दीदी' अभियान महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका भी प्रदान कर रहा है. चयनित महिलाएं अब लोगों को योजना की जानकारी देंगी और सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करेंगी.अभिषेक सिंह ने बताया कि आर्क परिवार फाउंडेशन समाज सेवा के अपने संकल्प के तहत सौर ऊर्जा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का कार्य लगातार कर रहा है. संस्था ऐसे परिवारों तक पहुंच रही है, जो जानकारी के अभाव या आर्थिक कारणों से सोलर संयंत्र नहीं लगवा पा रहे हैं. फाउंडेशन उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, सरकारी सब्सिडी, बैंक ऋण और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी देने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराता है. जरूरतमंद परिवारों को संस्था अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग भी प्रदान करती है.ALSO READ: कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तारउन्होंने कहा कि फाउंडेशन कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से उद्योग जगत को भी स्वच्छ ऊर्जा अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रहा है. उनका मानना है कि सरकार, उद्योग, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास से ही भारत ऊर्जा आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार राष्ट्र बन सकता है. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाना केवल बिजली बिल कम करने का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है.
कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तार
कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तार
वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र में कैंट रेलवे स्टेशन के सामने महिलाओं से अश्लील हरकत और अभद्र इशारे करने वाले दो युवकों को एंटी रोमियो टीम ने गिरफ्तार किया है। वहीं मौके पर मौजूद आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर चेतावनी और माफीनामा लेने के बाद सुपुर्द कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवक आने-जाने वाली महिलाओं को अश्लील इशारे कर परेशान कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में पहुंची टीम ने मौके पर जांच की तो शिकायत सही पाई गई।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवनीश पांडेय (20 वर्ष), निवासी चौबेपुर, वाराणसी तथा संदीप कुमार यादव (20 वर्ष), निवासी कछवा, मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ सिगरा थाने में मु.अ.सं. 0310/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।ALSO READ: वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाईइसके अलावा मौके पर मिले आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई और माफीनामा लेने के बाद छोड़ दिया गया।यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह, उपनिरीक्षक डाली साहू तथा टीम के अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा की गई।
वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाई
वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाई
वाराणसी : सारनाथ थाने की पुलिस ने एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से लाखों रुपये मूल्य की 19 ग्राम हेरोइन और 1350 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. आरोपी की तलाश पुलिस कई दिनों से कर रही थी.थाना प्रभारी सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीती रात सारनाथ पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम को थाना क्षेत्र के हवेलिया रेलवे क्रॉसिंग स्थित त्रिदेव अपार्टमेंट के पास एक हेरोइन तस्कर के मौजूद होने की सूचना मिली.सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. रात करीब 11:40 बजे एक युवक अपार्टमेंट की दीवार के किनारे छिपा खड़ा था. पुलिस टीम को देखकर वह अपार्टमेंट की बाउंड्री कूदकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे कुछ दूर पर उसे दबोच लिया. तलाशी लेने पर उसकी जेब से हेरोइन का एक पैकेट और 1350 रुपये नकद बरामद हुए.ALSO READ: काशी के कोतवाल ने किया नगर भ्रमण, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाबपकड़े गए युवक की पहचान मूरत राजभर उर्फ कुत्तू राजभर पुत्र मुन्ना राजभर, निवासी पैगंबरपुर कुआं, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई. पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह हेरोइन पीने का आदी है. उसने महंगी हेरोइन बड़ी मात्रा में खरीदकर रखी थी, जिसे वह अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर युवा पीढ़ी को बेचता था. मुनाफे के पैसों से वह अपने नशे की पूर्ति करता था.सारनाथ पुलिस ने आज दोपहर चिकित्सकीय परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी पुराना पुल अनुज कुमार शुक्ला, सब इंस्पेक्टर अमरजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, पंकज सिंह और कांस्टेबल सुमित कुमार सिंह शामिल थे.