ढाई करोड़ की चोरी मामले में बड़ा खुलासा, पुलिस ने खंगाले 100 CCTV फुटेज

Varanasi News: वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर में जीएसटी अफसर के ससुर के घर तीन जून को हुई ढाई करोड़ रुपये के गहनों की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस की जांच और भी तेज हो गई है. इस सिलसिले में पुलिस ने बीते शनिवार को एडिशनल सीपी (अपराध) आलोक प्रियदर्शी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां जांच को लेकर गहन समीक्षा भी की. जिसे लेकर उन्होंने पीड़ित परिवार से भी मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली. इसी के साथ ही उन्होंने मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करने की बात भी कही है.

जांच-पड़ताल के लिए गठित हुई पुलिस टीम
चोरी मामले की जांच-पड़ताल को लेकर पुलिस की तीन विशेष टीमों को गठित किया गया है, ताकि जल्द से जल्द इस मामले में पीड़ित परिजनों को न्याय मिल सकें. जिसके लिए अब तक करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा चुकी है. फुटेज में तीन संदिग्धों को घटना के बाद पंचकोशी मार्ग की ओर जाते हुए देखा गया है. पुलिस को शक है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी दिशा से फरार हुए थे. लेकिन कुछ भी हो जाए उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा, फिर चाहे पुलिस की जांच में कितना भी समय ही क्यों ना लगे, उन आरोपियों को ढूंढ़कर ही निकालना है.

चोरी मामले की जांच में जुटी पुलिस
जांच मामले में जुटी पुलिस के मुताबिक, शिवपुर से बाबतपुर और चांदमारी तक कई स्थानों पर सुराग जुटाए हैं, सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की आखिरी लोकेशन ऐढ़े गांव के आसपास पाई गई है. इसके बाद पुलिस टीम उस क्षेत्र में लगातार दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों की जांच कर रही है. वहीं, इस मामले में थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने घर में कार्यरत नौकर राजेश कुमार से भी पूछताछ की है, ताकि किसी अंदरूनी मिलीभगत की संभावना को खंगाला जा सके. हालांकि, अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है.

ALSO READ: BHU में ‘UNSEEN Exhibition 2026’ का सफल समापन, प्रतिभागी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जांच में तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग किया जाए और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मामला है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस का कहना है कि सभी संभावित एंगल पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा, क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है.



