जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, विकास परियोजनाओं को 10 दिन में पूर्ण करने के निर्देश

वाराणसी : जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपद में संचालित निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.जिलाधिकारी ने सिंथेटिक हॉकी टर्फ के विकास कार्य, आई एंड डी एवं एसटीपी वर्क्स (अस्सी), तथा संत कबीर प्राकट्य स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति की जानकारी ली और सभी परियोजनाओं को आगामी 10 दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए.

यूपी कॉलेज में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय सिंथेटिक हॉकी टर्फ के निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अभियंता ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत सिंथेटिक हॉकी मैदान, स्पोर्ट्स लाइट, कवर्ड पवेलियन, स्प्रिंकलर सिस्टम, टर्फ फेंसिंग, चेंजिंग रूम तथा भूमिगत वाटर टैंक सहित लगभग सभी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं. जिलाधिकारी ने शेष बचे कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी टर्फ के निर्माण से खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी और उनकी खेल क्षमता में वृद्धि होगी.
ALSO READ : वाराणसी में प्रादेशिक कुश्ती मुकाबला : 12 अंतरराष्ट्रीय और 36 राष्ट्रीय पहलवान दिखाएंगे दमखम
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने बीएचयू (फेज-2) के अंतर्गत आई एंड डी एवं एसटीपी परियोजनाओं का निरीक्षण किया. कार्यदायी संस्था द्वारा बताया गया कि 55 एमएलडी एसटीपी, 50 एमएलडी एमपीएस, 05 एमएलडी एपीएस, राइजिंग मेन, ट्रीटेड एफ्लुएंट पाइपलाइन, स्टाफ क्वार्टर सहित अन्य विकास कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं. जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए.
इसके अलावा संत कबीर प्राकट्य स्थल के पर्यटन विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया गया, जहां जिलाधिकारी ने फिनिशिंग से जुड़े शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए.निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता उपस्थित रहे.



