बनारस–हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस के पेंट्रीकार का डीआरएम ने किया निरीक्षण, स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता पर दिया जोर

वाराणसी: यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खानपान सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शनिवार को बनारस–हडपसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस के पेंट्रीकार का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आईआरसीटीसी द्वारा संचालित पेंट्रीकार में खाद्य सामग्री के भंडारण, रेफ्रिजरेटर की कार्यस्थिति, पेयजल शुद्धीकरण प्रणाली, रसोई के बर्तनों की स्वच्छता, खाद्य निर्माण उपकरणों तथा समग्र साफ-सफाई व्यवस्था का गहन परीक्षण किया। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
डीआरएम आशीष जैन ने पेंट्रीकार में कार्यरत कर्मचारियों को निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों के भंडारण, तैयारी और वितरण के प्रत्येक चरण में स्वच्छता, गुणवत्ता और हाइजीन के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
ALSO READ : मुख्यमंत्री योगी से मिला वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन, सुरक्षा को लेकर सौंपा ज्ञापन, पात्र कारोबारियों को शस्त्र लाइसेंस देने की उठाई मांग...
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने भी अधिकारियों को पेंट्रीकार की नियमित निगरानी बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर खानपान सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार वाराणसी मंडल यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता वाली रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।



