Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

बीएचयू में ई-बाइक शेयरिंग नेटवर्क की होगी शुरुआत, स्मार्ट सिटी के साथ साझेदारी...

बीएचयू में ई-बाइक शेयरिंग नेटवर्क की होगी शुरुआत, स्मार्ट सिटी के साथ साझेदारी...
Jun 24, 2026, 08:21 AM
|
Posted By Diksha Mishra

वाराणसी : स्वच्छ एवं सतत परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम उठाते हुए बीएचयू और वाराणसी स्मार्ट सिटी ने विश्वविद्यालय परिसर में एप-आधारित सार्वजनिक साइकिल एवं ई-बाइक शेयरिंग नेटवर्क स्थापित करने के लिए साझेदारी की है. इस सेवा का संचालन प्रारम्भ होने पर उपयोगकर्ता मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से जीपीएस-एनेबल्ड साइकिलों तथा उच्च क्षमता वाली ई-बाइक का उपयोग कर सकेंगे. इस एप्लिकेशन में उपयोगकर्ता-आधारित भुगतान व्यवस्था उपलब्ध होगी, जिसके माध्यम से उपयोग शुल्क का सुविधाजनक भुगतान कर इन साइकिल औऱ ई-बाइक को इस्तेमाल किया जा सकेगा.


अगस्त माह के अंत तक प्रारम्भ होने की संभावना


यह प्रणाली विश्वविद्यालय परिसर में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के साथ-साथ उपयोगकर्ताओं को शहर के व्यापक परिवहन नेटवर्क से भी जोड़ेगी. इस सुविधा के अगस्त माह के अंत तक प्रारम्भ होने की संभावना है. परियोजना के अंतर्गत बीएचयू परिसर के विभिन्न रणनीतिक एवं अधिक आवागमन वाले स्थानों पर डॉकिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं. प्रारम्भिक चरण में ई-बाइक तथा पारंपरिक पैडल साइकिलों दोनों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उपयोगकर्ताओं को सुलभ एवं पर्यावरण-अनुकूल आवागमन के विकल्प उपलब्ध होंगे.


सुरक्षा एवं कुशल संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी वाहनों को लाइव जीपीएस ट्रैकिंग प्रणाली से लैस किया जाएगा, जिसे शहर के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जाएगा. यह पहल सतत् परिवहन को प्रोत्साहित करने, मोटर चालित वाहनों पर निर्भरता कम करने तथा विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और आगंतुकों के बीच स्वस्थ आवागमन की संस्कृति को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी.


कुलपति ने कही ये बात


सतत् विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा, “काशी हिन्दू विश्वविद्यालय अपनी शैक्षणिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक विकास और सामुदायिक कल्याण के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध है. वाराणसी स्मार्ट सिटी के साथ यह साझेदारी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के हमारे सतत प्रयासों का एक महत्त्वपूर्ण विस्तार है. इस पहल को लागू करने के लिए वाराणसी स्मार्ट सिटी के साथ सहयोग कर हमें अत्यंत प्रसन्नता है. इससे न केवल परिसर में आवागमन और अधिक सुगम और सुविधाजनक होगा, बल्कि सतत् एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा.”


ALSO READ : सीवर,सड़क,पानी की समस्या बन गई बजरंग नगर की पहचान, लोग घर छोड़ने को मजबूर...


यह साझा शुरुआत ऐसे वक्त में की जा रही है, जब बीएचयू और वाराणसी नगर निगम के बीच हाल ही में एक व्यापक सहमति की गई है, जिसके अंतर्गत शहरी जीवन को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, विश्वविद्यालय समुदाय और वाराणसी के नागरिकों को लाभान्वित करने वाली विभिन्न पहलों का विकास किया जाएगा.

हुकुलगंज में ट्रांसफार्मर में जोरदार ब्लास्ट, गर्म तेल के छींटों से मची अफरा-तफरी
हुकुलगंज में ट्रांसफार्मर में जोरदार ब्लास्ट, गर्म तेल के छींटों से मची अफरा-तफरी
वाराणसी: लालपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हुकुलगंज ताड़ीखाना तिराहे पर अर्बन हाट के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया, धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. ट्रांसफार्मर से निकले गर्म तेल के छींटे पास में ठेला लगाने वाले लोगों के ऊपर भी जा गिरे.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके में सामान्य रूप से लोग अपने काम में जुटे थे, इसी दौरान अचानक ट्रांसफार्मर में तेज आवाज के साथ विस्फोट हुआ. ब्लास्ट के बाद ट्रांसफार्मर से गर्म तेल बाहर निकलने लगा और आसपास फैल गया. गर्म तेल के छींटे ठेला लगाने वाले लोगों तक पहुंचने से मौके पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.अचानक हुए धमाके के बाद आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना संबंधित बिजली विभाग को दी. इसके बाद मौके पर स्थिति को संभालने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई.फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है. हालांकि, जिस स्थान पर ट्रांसफार्मर लगा है, वहां आसपास ठेले और लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में ब्लास्ट के कारण बड़ा हादसा भी हो सकता था.ALSO READ: वाराणसी में होटल बुकिंग कैंसिल कराना पड़ा महंगा, फर्जी कस्टमर केयर ने पर्यटक से लाखों ठगेस्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से ट्रांसफार्मर की जांच कराने और खराबी को जल्द ठीक कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
वाराणसी में होटल बुकिंग कैंसिल कराना पड़ा महंगा, फर्जी कस्टमर केयर ने पर्यटक से लाखों ठगे
वाराणसी में होटल बुकिंग कैंसिल कराना पड़ा महंगा, फर्जी कस्टमर केयर ने पर्यटक से लाखों ठगे
वाराणसी: काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए आए रांची के एक पर्यटक को होटल की बुकिंग कैंसिल कराने के लिए गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजना भारी पड़ गया, साइबर ठगों ने फर्जी कस्टमर केयर के जरिए उनसे करीब 5.13 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली. पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है.जानकारी के अनुसार, रांची निवासी रवींद्र प्रसाद सिंह 23 अगस्त को पत्नी के साथ वाराणसी पहुंचे थे, उन्होंने एक होटल में कमरा बुक कराया था. बुकिंग कैंसिल कराने के लिए जब उन्होंने होटल के रिसेप्शन से मदद मांगी तो उन्हें बताया गया कि बुकिंग अगोडा ऐप के जरिए हुई है और कैंसिलेशन के लिए कस्टमर केयर से संपर्क करना होगा, इसके बाद गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजकर उन्हें दिया गया.पीड़ित ने उस नंबर पर संपर्क किया तो ठगों ने व्हाट्सऐप के जरिए एक फाइल का लिंक भेजा. लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से करीब 5 लाख 13 हजार रुपये निकल गए, ठगी का पता चलने के बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई.ALSO READ: मंडलीय अस्‍पताल : शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ग्रिवान्स रिड्रेसल समिति का गठनसाइबर सुरक्षा एजेंसियां लगातार लोगों को गूगल या सोशल मीडिया पर मिले अनजान कस्टमर केयर नंबरों से सावधान रहने की सलाह देती हैं. I4C ने भी पर्यटकों और श्रद्धालुओं को फर्जी वेबसाइट, कस्टमर केयर और ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने को कहा है.
रातभर बारिश के बाद काशी में निकले मेयर, बोले- अब जल्दी निकल जाता है पानी
रातभर बारिश के बाद काशी में निकले मेयर, बोले- अब जल्दी निकल जाता है पानी
वाराणसी. शहर में रातभर हुई बारिश के बाद मंगलवार सुबह मेयर अशोक तिवारी ने कई इलाकों का निरीक्षण किया. उन्होंने जलभराव की स्थिति देखी और नगर निगम की तैयारियों का जायजा लिया. मेयर ने कहा कि पिछले दो साल में जलभराव वाले प्रमुख स्थानों पर काफी काम किया गया है, जिसका असर अब बारिश के दौरान दिखाई दे रहा है.मेयर अशोक तिवारी ने बताया कि पहले आंध्रापुल, तेलियाबाग, कबीरचौरा, गुरुबाग, महमूरगंज, लंका और सामनेघाट समेत कई इलाकों में बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या रहती थी. नगर निगम और जलकल विभाग की टीम ने इन स्थानों पर लगातार काम किया है.उन्होंने कहा कि तेज बारिश होने पर कुछ जगहों पर आधे घंटे से 45 मिनट तक पानी जरूर जमा होता है, लेकिन अब पानी ज्यादा देर तक नहीं रुकता और जल्द ही निकल जाता है. रातभर बारिश होने के बावजूद फिलहाल शहर में बड़े स्तर पर जलजमाव देखने को नहीं मिल रहा है.ALSO READ : मंडलीय अस्‍पताल : शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ग्रिवान्स रिड्रेसल समिति का गठनमेयर ने कहा कि नगर निगम की पूरी टीम और जलकल विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. काशी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, इसलिए यहां की व्यवस्थाओं पर सभी की नजर रहती है। बारिश के दौरान किसी भी तरह की समस्या न हो, इसके लिए टीम लगातार मौके पर काम कर रही है.