हुकुलगंज में ट्रांसफार्मर में जोरदार ब्लास्ट, गर्म तेल के छींटों से मची अफरा-तफरी

वाराणसी: लालपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हुकुलगंज ताड़ीखाना तिराहे पर अर्बन हाट के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया, धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. ट्रांसफार्मर से निकले गर्म तेल के छींटे पास में ठेला लगाने वाले लोगों के ऊपर भी जा गिरे.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके में सामान्य रूप से लोग अपने काम में जुटे थे, इसी दौरान अचानक ट्रांसफार्मर में तेज आवाज के साथ विस्फोट हुआ. ब्लास्ट के बाद ट्रांसफार्मर से गर्म तेल बाहर निकलने लगा और आसपास फैल गया. गर्म तेल के छींटे ठेला लगाने वाले लोगों तक पहुंचने से मौके पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
अचानक हुए धमाके के बाद आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना संबंधित बिजली विभाग को दी. इसके बाद मौके पर स्थिति को संभालने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई.
फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है. हालांकि, जिस स्थान पर ट्रांसफार्मर लगा है, वहां आसपास ठेले और लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में ब्लास्ट के कारण बड़ा हादसा भी हो सकता था.
ALSO READ: वाराणसी में होटल बुकिंग कैंसिल कराना पड़ा महंगा, फर्जी कस्टमर केयर ने पर्यटक से लाखों ठगे
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से ट्रांसफार्मर की जांच कराने और खराबी को जल्द ठीक कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.



