'पढ़ाई के साथ कमाई 1.0' का प्रशिक्षण शुरू

वाराणसी: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में विद्यार्थियों को उद्योग एवं कॉरपोरेट जगत की कार्यसंस्कृति, रोजगार प्रक्रिया और कार्यस्थल की आवश्यकताओं से परिचित कराने के उद्देश्य से 'पढ़ाई के साथ कमाई 1.0' पहल के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरु हो गया है.
विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही रोजगार की वास्तविक दुनिया से जोड़ने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, हर प्रसाद गुप्त इनक्यूबेशन फाउंडेशन, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के निदेशक प्रो. मो. आरिफ ने बताया कि इनक्यूबेशन फाउंडेशन, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल, काशी विद्यापीठ तथा स्टार्टअप कंपनी हैप्पी लाइफ टेक्नोसॉफ्ट प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में दो बैच के विद्यार्थियों का प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ है. प्रशिक्षण में सामाजिक विज्ञान संकाय के राजनीति विज्ञान विषय के स्नातक एवं परास्नातक विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं.
प्रो. मो. आरिफ ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार परक बनाना है, उन्होंने कहा कि विद्यार्थी पढ़ाई के दौरान ही उद्योग एवं कॉरपोरेट क्षेत्र की कार्यप्रणाली और कार्यसंस्कृति को समझें, ताकि शिक्षा पूरी करने के बाद वे रोजगार की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को बेहतर ढंग से तैयार कर सकें और उपलब्ध अवसरों का प्रभावी लाभ उठा सकें.
ALSO READ:बीएचयू में एंटी-रैगिंग जागरूकता सप्ताह शुरू, नुक्कड़ नाटक से दिया रैगिंग के खिलाफ संदेश
हैप्पी लाइफ टेक्नोसॉफ्ट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संदीप कुमार ने बताया कि 'पढ़ाई के साथ कमाई' पहल का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों की शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी को कम करना है. उन्होंने कहा कि 'पढ़ाई के साथ कमाई 1.0' का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई छोड़कर कमाई की ओर ले जाना नहीं, बल्कि पढ़ाई के साथ उन्हें कौशल, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के वास्तविक अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे अपनी डिग्री पूरी करने तक कार्यस्थल के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें, इस अवसर पर सर्वेद्र खरवार, राजेश यादव, अंकित सिंह, विजय प्रताप सिंह, शुभम वर्मा आदि उपस्थित रहे.



