वाराणसी में स्कूल बस पर गिरे बिजली के खंभे, बच्चों को निकाला गया सुरक्षित

वाराणसी : शिवपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर में एक गंभीर हादसा सामने आया. मंगलवार को बच्चों को स्कूल से घर छोड़ने जा रही स्कूली बस पर जर्जर हाईटेंशन बिजली के दो खंभे गिर गए. इस हादसे में बच्चे बाल-बाल बच गए. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई. आनन फानन लोग राहत कार्य में जुट गए. आनन फानन बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकालकर उन्हें घर रवाना किया गया. इस स्थिति को देखकर अभिभावक भी चिंतित हो गए. बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई. हालांकि एक बड़ा हादसा टल गया.
घटना को लेकर विभाग की गंभीर नाकामी उजागर हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना बिजली विभाग की अनदेखी का परिणाम है. जर्जर तारों और खंभों की स्थिति को लेकर कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया. इस प्रकार की लापरवाही से भविष्य में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. अभिभावकों ने मांग की है कि बिजली विभाग को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और जर्जर तारों और खंभों को तुरंत बदलना चाहिए. इसके साथ ही, स्थानीय प्रशासन से भी अपेक्षा की गई है कि वह इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार की सुबह करीब 11:00 बजे बच्चों को घर छोड़ने के लिए गिलट बाजार की ओर से आ रही दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस पर सड़क किनारे लगे हाई टेंशन के दो विद्युत खंभे अचानक गिर पड़े जिससे आसपास के लोगों में तथा बस में बैठे बच्चों में खलबली मच गई. यह संयोग ही था कि घटना के दो घंटे पूर्व ही स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मर के नीचे करंट से गाय की मौत के कारण बिजली विभाग से फोन करके बिजली को कटवा रखा था अन्यथा बड़ी अनहोनी घटना घट सकती थी. बस के ड्राइवर ने बताया कि घटना के वक्त बस में कई बच्चे सवार थे.
ALSO READ:फिल्म सम्राट दिलीप कुमार की पांचवीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, भारत रत्न देने की उठी मांग
बिजली विभाग को दी थी सूचना
घटना की सूचना लगते ही तत्काल मौके पर पहुंचे नारायणपुर वार्ड के पार्षद संदीप रघुवंशी ने बिजली विभाग के अधिकारियों तथा संबंधित पुलिस को फोन करके मौके पर बुलाया. पार्षद ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे लगे दो खंभे में से एक पोल हाई टेंशन का है तथा एक जर्जर पोल जिस पर बगल के ही टावर के केबल का लोड है. स्थानीय नागरिक लक्ष्मण कनौजिया ने बताया कि टावर वाला पोल कई दिनों से जर्जर है तथा सोमवार की दोपहर में ही थोड़ा सड़क की ओर झुक गया था. इसके बारे में हम लोगों ने फोटो खींचकर बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचित किया था.



