फिल्म सम्राट दिलीप कुमार की पांचवीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, भारत रत्न देने की उठी मांग

वाराणसी: फिल्म सम्राट दिलीप कुमार की पांचवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को पितरकुंडा स्थित प्राचीन कुंड पर डर्बी शायर क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान दिलीप कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी स्मृति में कुंड की मछलियों को चारा खिलाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शकील अहमद जादूगर ने कहा कि 7 जुलाई 2021 को 98 वर्ष की आयु में दिलीप कुमार ने इस दुनिया को अलविदा कहा था। उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर 1922 को पेशावर (अब पाकिस्तान) में जन्मे दिलीप कुमार भारतीय सिनेमा के महानतम अभिनेताओं में गिने जाते हैं। अपने करीब 57 वर्ष के फिल्मी करियर में उन्होंने 67 फिल्मों में अभिनय किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में क्रांति, मुग़ल-ए-आज़म, नया दौर, गंगा-जमुना, धर्म कांटा, मजदूर सहित अनेक यादगार फिल्में शामिल हैं। उनकी पहली फिल्म ज्वार भाटा (1944) और अंतिम फिल्म किला (1998) थी।
उन्होंने बताया कि दिलीप कुमार को सर्वाधिक फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार जीतने वाले अभिनेताओं में गिना जाता है। भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण और पद्म विभूषण सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया।
शकील अहमद ने कहा कि सायरा बानो ने जीवन के अंतिम समय तक दिलीप कुमार का साथ निभाया। उन्होंने यह भी कहा कि धर्मेंद्र, अमिताभ बच्चन, शाहरुख़ ख़ान, सलमान ख़ान और आमिर ख़ान सहित कई कलाकार दिलीप कुमार को अपना आदर्श मानते हैं।
ALSO READ: जल संरक्षण का लिया संकल्प, छात्राओं को दिलाई गई शपथ
इस अवसर पर शकील अहमद ने वाराणसी के सांसद एवं नरेंद्र मोदी से मांग की कि फिल्म सम्राट दिलीप कुमार को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया जाए और यह सम्मान उनकी पत्नी सायरा बानो को प्रदान किया जाए।
कार्यक्रम में गुफरान अहमद, बल्ले शर्मा, मोहम्मद राजू, करीम अंसारी, इम्तियाज अहमद, इश्तियाक अंसारी, राहुल राजभर, उत्सव राजभर, जावेद हुसैन और गोपाल यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



