जल संरक्षण का लिया संकल्प, छात्राओं को दिलाई गई शपथ

वाराणसी: मंगलवार की सुबह गिरते भूजल स्तर और पानी की बढ़ती समस्या को देखते हुए सोमवार को मछोदरी स्थित स्वामीनारायण मंदिर के महंत स्वामी प्रेम स्वरूप दास के आह्वान पर भैरवनाथ स्थित श्री वल्लभ विद्यापीठ बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक संस्था सुबह-ए-बनारस क्लब के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को जल बचाने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि देश में लगातार गिरता भूजल स्तर चिंता का विषय है। यदि समय रहते जल संरक्षण पर गंभीरता से काम नहीं किया गया तो आने वाले समय में लोगों को पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार ही पानी का उपयोग करें, व्यर्थ पानी न बहाएं और वर्षा जल संचयन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
ALSO READ:फरार वारंटी रियाज अहमद गिरफ्तार, लोहता पुलिस की कार्रवाई
महंत स्वामी प्रेम स्वरूप दास का संदेश लिखी दफ्तिया "बूंद-बूंद नहीं बचाएंगे, तो बूंद-बूंद को तरसेंगे" कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा। वक्ताओं ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के लोगों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक करें तथा डोर-टू-डोर अभियान चलाकर पानी बचाने का संदेश दें।
कार्यक्रम में सुबह-ए-बनारस क्लब के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल, कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. मुक्ता पांडे सहित विद्यालय की सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने जल संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



