पुलिस और गौ तस्कर के बीच मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली

वाराणसी: जिले के रामनगर क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर कमिश्नरेट पुलिस और गौ तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान गौ तस्कर ने गोली चलाई जिस पर आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां दागी. जिससे गौ तस्कर के पैर में गोली लगी. पुलिस ने घायल गौ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया. गौ तस्कर के खिलाफ विभिन्न जनपदों में 9 मुकदमे दर्ज हैं जिनमें से ज्यादातर गो-तस्करी और गोवध अधिनियम से जुड़े हैं. इसके साथ ही कंटेनर से 34 गोवंश बरामद किए गए. पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है.

पुलिस की गौ-तस्कर के साथ मुठभेड़
जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर वाराणसी-मिर्जापुर हाईवे पर रामनगर पुलिस की गौ-तस्कर के साथ मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में घायल हुए मुबीन अहमद के दाहिने पैर में गोली लगी है. पुलिस की मानें तो आरोपी के ऊपर गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जा चुकी है. प्रतापगढ़ की कुंडा पुलिस और चंदौली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी.

एक अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
घटना की जानकारी देते हुए एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि कंटेनर से 34 गोवंश को तस्करी कर मिर्जापुर के रास्ते ले जाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से नौशाद अहमद को गिरफ्तार किया था. इस दौरान दूसरा आरोपी मुबीन अहमद मौके से भागने में कामयाब हो गया था.

यह भी पढ़ें: कफ सिरप तस्करी मामले में सरगना शुभम के करीबियों पर शिकंजा, छह आरोपी गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर को सक्रिय किया गया और इसी दौरान मुखबिर ने बताया कि मुबीन मिर्जापुर हाईवे पर मौजूद है, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की तो मुबीन में अवैध असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. एसीपी ने बताया कि आरोपी द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की जिसके बाद मुबीन के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. वह कौशांबी का निवासी बताया गया.



