वाराणसी में परिवार के लोग किशोरियों से करा रहे थे देह व्यापार, पांच आरोपी गिरफ्तार...

वाराणसी : सारनाथ पुलिस ने दो नाबालिग बहनों से देह व्यापार कराने के दो अलग-अलग मामलों में उनकी मां, बुआ, फूफा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. दोनों पीड़ित बहनों को बालिका गृहों में भेजा गया है.
सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित नाबालिग की मां ने दूसरी शादी कर ली थी. इसके बाद पिता ने अपनी बेटी को शिवपुर क्षेत्र में रहने वाली अपनी बहन सैफुननिशा के घर भेज दिया. सैफुननिशा ने अपनी भतीजी को देह व्यापार में धकेल दिया. उसने सारनाथ में किराए का कमरा लेकर नाबालिग से देह व्यापार शुरू कर दिया. सैफुननिशा का पति मनोज ग्राहक लाकर नाबालिग को सौंपता था.
11 अप्रैल को हुआ खुलासा
एनजीओ ‘फ्रीडम’ की शिकायत पर पुलिस ने 11 अप्रैल की रात एक सिपाही को ग्राहक बनाकर भेजा. सिपाही के साथ हुई घटना के बाद सच्चाई सामने आई. उस दौरान पुलिस ने मौके से बुआ सैफुननिशा को गिरफ्तार किया. आगे की जांच में उसके पति मनोज, पीड़िता के सौतेले पिता शमशेर और उसके दोस्त संतोष को भी गिरफ्तार किया गया.
ALSO READ : वाराणसी में चौंकाने वाला मामला, पति का दावा पत्नी है किन्नर, खर्च वापसी की लगाई गुहार...
दूसरी बहन का भी मामला सामने आया
जांच गहराने पर पता चला कि पीड़िता की छोटी बहन से भी कहीं और देह व्यापार कराया जा रहा था। एनजीओ की शिकायत पर दूसरा केस दर्ज किया गया. इस मामले में मां सबीना, बुआ सैफुननिशा (दूसरी बार), सैफुननिशा के बेटे सद्दाम, उसकी पत्नी सहाना, सौतेले पिता शमशेर और अन्य पर आरोप लगे. कुल मिलाकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया. दोनों नाबालिग बहनों को सुरक्षित रखते हुए एक को रामनगर और दूसरी को दुर्गाकुंड स्थित बालिका गृह में भेज दिया गया है. पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है.



