काशी से अमरनाथ यात्रा के लिए पहला जत्था रवाना...

वाराणसी : बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन के लिए शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के साथ ही धर्मनगरी वाराणसी से श्रद्धालुओं का पहला जत्था रविवार को रवाना हो गया. श्री काशी विश्वनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में श्रद्धालु और सेवादार वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से हावड़ा-अमृतसर मेल ट्रेन के जरिए कश्मीर के लिए निकले. यात्रा पर रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जयघोष किया और सुरक्षित यात्रा की कामना की.

समिति के अनुसार, काशी से हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा में शामिल होते हैं. इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं के यात्रा पर जाने की संभावना है. पहला जत्था अमृतसर पहुंचेगा. इसके बाद जम्मू और पहलगाम होते हुए श्रद्धालु पैदल बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा तक पहुंचेंगे और हिम शिवलिंग के दर्शन करेंगे.
श्री काशी विश्वनाथ सेवा समिति पिछले 26 वर्षों से अमरनाथ यात्रियों की सेवा कर रही है. समिति की ओर से यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए रहने, भोजन, चिकित्सा सहायता और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाती है. इस वर्ष भी करीब 300 श्रद्धालुओं की सेवा का जिम्मा समिति ने उठाया है.
समिति के सेवादार दिलीप सिंह 'बंटी' ने बताया कि इस बार 80 से 90 सेवादार यात्रा पर जा रहे हैं. इनमें 10 सेवादारों का दल पंजाब में सेवा कार्य करेगा, जबकि लगभग 70 सेवादार सीधे जम्मू और चंदनबाड़ी पहुंचकर श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे. उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं.
ALSO READ : राम मंदिर ट्रस्ट को मिल सकता है नया CEO: पूर्व IAS योगेश्वर राम मिश्रा के नाम की चर्चा...
इस सेवा अभियान में महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, मंत्री दयाशंकर मिश्रा 'दयालु' समेत कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का सहयोग मिल रहा है.
श्रद्धालुओं के लिए पान, मिठाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं. समिति ने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की है.



