काशी विश्वनाथ धाम में तीसरे सोमवार को कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा, उमड़ा आस्था का सैलाब

वाराणसी : श्रावण मास के तीसरे सोमवार को बाबा विश्वनाथ की नगरी हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी. श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु पहुंचे, इस दौरान धाम में कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया. आसमान से बरसते फूलों ने पूरे धाम के माहौल को भक्तिमय बना दिया.

सुबह से ही काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ देखने को मिली. गेरुआ वस्त्र पहने कांवड़िए हाथों में कांवड़ लेकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आगे बढ़ते नजर आए. पुष्पवर्षा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. कांवड़ियों ने हर-हर महादेव और बाबा विश्वनाथ के जयकारे लगाकर वातावरण को शिवमय कर दिया.
श्रावण के तीसरे सोमवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए दूर-दराज से भी श्रद्धालु काशी पहुंचे. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया. प्रशासन और पुलिस की टीमें भीड़ को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने में जुटी रहीं.
ALSO READ : नागपंचमी पर काशी के नागकूप में उमड़ी आस्था, पाताल लोक से जुड़ी है मान्यता, कालसर्प दोष की शांति के लिए पहुंचते हैं श्रद्धालु
पुष्पवर्षा के स्वागत से कांवड़ियों के चेहरे पर खुशी नजर आई. श्रद्धालुओं ने इस भव्य स्वागत को बाबा विश्वनाथ की नगरी में अपनी यात्रा का यादगार अनुभव बताया. तीसरे सोमवार पर काशी का पूरा वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर नजर आया. वहीं काशी के अन्य शिवालयों में भी बडी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किए.



