BHU में छात्र पर चार राउंड फायरिंग, बिरला ‘ए’ हॉस्टल के बाहर हंगामा; सुरक्षा पर उठे सवाल

वाराणसी : बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बिरला ‘ए’ छात्रावास के बाहर बीए तृतीय वर्ष के छात्र रौशन मिश्रा पर बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज से आसपास के कई हॉस्टलों में अफरातफरी मच गई और छात्र दहशत में आ गए.

जान बचाकर हॉस्टल में घुसा छात्र
पीड़ित छात्र रौशन मिश्रा ने बताया की शनिवार शाम करीब 7 बजे वह अपने साथी के साथ बिरला ‘ए’ हॉस्टल गेट पर खड़ा था. इसी दौरान बाइक से पहुंचे युवकों ने असलहे से फायरिंग शुरू कर दी.चार राउंड फायरिंग की गई. एक गोली उसके सिर के करीब से गुजरी.वह भागकर छात्रावास के अंदर घुसा, तब जान बची.रौशन ने बताया मौके पर मौजूद छात्रों ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद कर पुलिस को सौंपे हैं.
20 दिन पहले दी थी आशंका की सूचना
रौशन ने लंका थाने में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है. उसका आरोप है कि 20 दिन पहले ही उसने संभावित हमले की आशंका को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन, वार्डेन और पुलिस को लिखित सूचना दी थी, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए.
उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी कैंपस में खुलेआम घूमते थे और गार्डों से बातचीत करते देखे जाते थे.
सड़क जाम कर छात्रों का धरना
घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र बिरला ‘ए’ हॉस्टल के बाहर इकट्ठा हो गए और सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए.इस दौरान पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के साथ धक्कामुक्की की भी सूचना है.
हालात बिगड़ते देख काशी जोन के विभिन्न थानों की फोर्स मौके पर बुला ली गई. तनाव को देखते हुए हॉस्टल की बिजली भी काट दी गई.
पुलिस का बयान
एडीसीपी काशी जोन गौरव बांगर ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.कुछ खोखे बरामद हुए हैं और छात्रों की तहरीर प्राप्त हो गई है.जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर पॉक्सो मुकदमा दर्ज करने का हाईकोर्ट का आदेश
कैंपस सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों में आक्रोश है. उनका कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई की जाती, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी.
फिलहाल पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले की जांच के लिए कमेटी गठित किए जाने की चर्चा है.



