CTET परीक्षा में फर्जीवाड़ा उजागर, देवरानी की जगह परीक्षा देने आई जेठानी गिरफ्तार

वाराणसी : केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के दौरान बड़े फर्जीवाड़े काे उजागर करते हुए सिंधोरा पुलिस ने कूटचित दस्तावेजों के माध्यम से दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामला गोमती ज़ोन, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी से जुड़ा है. 8 फरवरी को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा की प्रथम पाली के दौरान सुभाष चन्द्र महाविद्यालय, चकरमा स्थित परीक्षा केंद्र संख्या 234008 पर कक्ष संख्या 05 में एक अभ्यर्थिनी के बायोमैट्रिक सत्यापन में गंभीर असंगति पाई गई. प्रारंभिक जांच में प्रवेश पत्र के होलोग्राम के आधार पर प्रवेश दिया गया था, लेकिन बायोमैट्रिक डेटा का मिलान नहीं हो सका.
संबंधित कार्यालय से प्राप्त सूचना के बाद दोबारा बायोमैट्रिक सत्यापन कराया गया, जो पुनः असफल रहा. महिला स्टाफ की मौजूदगी में पूछताछ करने पर परीक्षा दे रही महिला ने अपना वास्तविक नाम अंजू यादव बताया और स्वीकार किया कि वह अपनी देवरानी अर्चना यादव के स्थान पर परीक्षा दे रही थी.
देवरानी और जेठानी गिरफ्तार
अंजू यादव, निवासी पहलवानपुर, पोस्ट बांसगांव, जनपद आजमगढ़ — परीक्षा केंद्र से गिरफ्तार
अर्चना यादव, निवासी पहलवानपुर, पोस्ट बांसगांव, जनपद आजमगढ़ — घर से गिरफ्तार
अंजू यादव के पास से एक आधार कार्ड बरामद किया गया, जिसका इलेक्ट्रॉनिक सत्यापन संभव नहीं हो सका. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महिला को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया और थाना सिंधोरा को सूचना दी गई.
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान अर्चना यादव ने बताया कि वह पढ़ाई में कमजोर थी और शिक्षक बनने की लालच में उसने अपनी जेठानी से अपने स्थान पर परीक्षा देने के लिए संपर्क किया. इसके लिए आधार कार्ड में फोटो एडिट कर कूटचित दस्तावेज तैयार किए गए और उन्हीं के आधार पर CTET परीक्षा दिलाई गई.
ALSO READ ; वाराणसी के होटल में हैदराबाद के भाई बहन ने दी जान, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका
इस मामले में थाना सिंधोरा पर मु0अ0सं0 25/2026 के अंतर्गत धारा 318(4)/319/336(2)/336(3)/61(2) बीएनएस तथा धारा 8(3)/13(4) उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.


