गंदे पानी में लेटकर अनोखा विरोध प्रदर्शन, आंदोलन की दी चेतावनी

A unique protest by lying in dirty water, warning of agitation
वाराणसी: राजातालाब-रानीबाजार पंचकोसी मार्ग पर सीवर ओवरफ्लो और जलभराव से परेशान क्षेत्रीय लोगों का जीना दुभर हो गया है. इसको लेकर बुधवार को आक्रोशित लोगों ने पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में सड़क पर भरे गंदे पानी में लेटकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से सड़क पर सीवर का गंदा पानी बह रहा है. बदबू और जलभराव के कारण राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को झेलनी पड़ रही है.

बताया जा रहा है कि राजातालाब क्षेत्र में पिछले कई महीनों से सीवर जाम की समस्या बनी हुई है. सड़क पर गंदा पानी बह रहा है और कई जगह मैनहोल खुले व क्षतिग्रस्त पड़े हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. स्थानीय लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका. इसी बीच पूर्व बीडीसी की इस हरकत से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे समझाने और सड़क से हटाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह लगातार फोन पर बात करता रहा और पुलिस की बातों को नजरअंदाज करता रहा.

ग्रामीणों का कहना है कि राजातालाब वाया रानीबाजार मार्ग अब सड़क कम और तालाब ज्यादा नजर आता है. सीवर चोक होने से घुटनों तक गंदा पानी जमा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. राज कुमार गुप्ता का कहना है कि “कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. मजबूर होकर हमें इस गंदे पानी में उतरकर विरोध करना पड़ा, ताकि सरकार और प्रशासन तक हमारी आवाज पहुंचे. यह प्रदर्शन “नंगी व्यवस्था को आईना दिखाने” के लिए किया गया है.
24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो चक्का जाम
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. उनका कहना है कि यदि तय समय में सीवर की सफाई और पानी निकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो ग्रामीण चक्का जाम करेंगे और तहसील मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे. इस विरोध प्रदर्शन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. भीषण गर्मी में गंदे पानी से भरी सड़क पर लेटकर किए गए इस प्रदर्शन की इलाके में खूब चर्चा हो रही है.

Also Read: सस्पेंस के घेरे में प्रतीक यादव की मौत की वजह, अपर्णा के भाई ने कही दी ये बात



