सरकार खिलाड़ियों के लिए बढ़ाएगी अवसर: अनिल राजभर

वाराणसीः उत्तर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों और अवसरों का दायरा बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश को खेलों का पावर हाउस बनाने के लिए प्रदेश में खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है.
रविवार को डा. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ा लालपुर में आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय हैंडबाल प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रदेश के श्रममंत्री अनिल राजभर ने यह बात कही.
श्रममंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए अधिक अवसर मिलें और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाए. उन्होंने कहा कि तहसील और विकास खंड स्तर पर भी खेल सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाएं मुख्यधारा में आ सकें.
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है. मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने अपना कार्य शुरू कर दिया है. इसके अलावा प्रदेश में संचालित पांच स्पोर्ट्स कॉलेज भी युवा खेल प्रतिभाओं को तराशने का कार्य कर रहे हैं.
कार्यक्रम में डा. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल पहुंचने पर प्रतियोगिता के आयोजक डा. एके सिंह ने श्रममंत्री अनिल राजभर का स्वागत किया.
ALSO READ:जब कान्हा नहीं रहे तो मैं जी कर क्या करूंगी, मूर्ति चोरी से आहत छात्रा ने लिखा पत्र और घर छोड़ दिया
इस अवसर पर अभय प्रजापति, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह, यूपी हैंडबाल संघ के संयुक्त सचिव विभव सिंह, मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजेश कुमार सिंह, दिलीप कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह सहित अनेक खेलप्रेमी और खेल पदाधिकारी मौजूद रहे.



