स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव: तीन घंटे में शिक्षक के 19.13 और स्नातक में हुए 10.12 फीसदी मतदान

वाराणसी : स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार की सुबह आठ बजे से मतदान जारी है. सुबह 11 बजे तक दो घंटे में शिक्षक एमएलसी सीट पर 19.13 फीसदी और स्नातक एमएलसी सीट पर 10.12 फीसदी मतदान हुआ है. शुरुआती तीन घंटे में शिक्षक सीट पर मतदान प्रतिशत स्नातक की तुलना में अधिक रहा. सुबह से ही मतदाता बूथों पर पहुंचने लगे. आठ बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई. इस दौरान सभी बूथों पर बड़ी संख्या में शिक्षकों व स्नातकों ने पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया.
बता दें कि चुनाव से एक दिन पहले प्रशासन ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली थी. जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के 74,840 मतदाता 21 मतदान केंद्रों पर 102 बूथों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 66,952 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 7,888 मतदाता हैं. स्नातक के 73 मूल बूथों के साथ आठ सहायक बूथ बनाए गए हैं, जबकि शिक्षक के लिए 21 बूथ निर्धारित हैं. मतदान शाम चार बजे तक होगा.
स्नातक के लिए 81 बूथ
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 21 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां 73 मूल मतदेय स्थलों के अलावा आठ सहायक बूथ बनाए गए हैं. इस तरह स्नातक चुनाव के लिए कुल 81 बूथों पर मतदान किया जा रहा है. अंतिम सूची में 41,451 पुरुष और 25,501 महिला मतदाता दर्ज हैं. जिला प्रशासन की बूथवार सूची में बड़ागांव, पिंडरा, चोलापुर, हरहुआ, चिरईगांव, सेवापुरी, पिसनहरिया, भोजूबीर, नदेसर, लहुराबीर, ककरमत्ता, मैदागिन और गायघाट समेत अलग-अलग क्षेत्रों के मतदान स्थल शामिल हैं.
शिक्षक चुनाव में 21 बूथ
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 7,888 मतदाता हैं. इनमें 5,159 पुरुष और 2,729 महिला मतदाता हैं. इस चुनाव के लिए जिले में 21 मतदान केंद्र और 21 बूथ निर्धारित किए गए हैं. बड़ागांव, सेवापुरी, पिंडरा, चोलापुर, हरहुआ, चिरईगांव, विद्यापीठ, आराजी लाइन, पिसनहरिया, भोजूबीर, नदेसर, लहुराबीर, मैदागिन, गायघाट, लहरतारा, रामनगर, कबीरचौरा, रामापुरा, रविंद्रपुरी, पांडेय हवेली और ककरमत्ता में मतदान हो रहा है.
स्नातक में 24, शिक्षक में 10 प्रत्याशी
वाराणसी खंड में स्नातक और शिक्षक दोनों सीटों के लिए कुल 34 प्रत्याशी मैदान में हैं. स्नातक सीट पर 24 और शिक्षक सीट पर 10 प्रत्याशी हैं. स्नातक में सपा के निर्वतमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा और भाजपा के पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह प्रमुख प्रत्याशी हैं. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के निवर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव, भाजपा के प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र और पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह के बीच मुकाबला प्रमुख माना जा रहा है.
आठ जिलों में 3.23 लाख से ज्यादा मतदाता
वाराणसी खंड का चुनाव सिर्फ वाराणसी जिले तक सीमित नहीं है. इसमें वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया शामिल हैं. पूरे निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक के करीब 2.88 लाख और शिक्षक के करीब 34,900 मतदाता हैं. आठ जिलों में स्नातक के 257 और शिक्षक के 122 बूथ बनाए गए हैं. कुल मिलाकर करीब 3.23 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
ALSO READ: घर में सोते रह गए परिवार के लोग, चोर लाखों के जेवरात लेकर पार
वरीयता के आधार पर मतदान
एमएलसी चुनाव में विधानसभा चुनाव की तरह प्रत्याशी के सामने मुहर नहीं लगानी होगी. मतदाता को मतपत्र पर अपनी पहली पसंद के प्रत्याशी के सामने ‘1’ लिखना होगा. इसके बाद वह दूसरी, तीसरी और अन्य वरीयताएं भी क्रमवार दर्ज कर सकता है. इसके लिए मतदान केंद्र पर उपलब्ध कराए जाने वाले निर्धारित बैंगनी स्केच पेन का ही इस्तेमाल करना होगा. किसी प्रत्याशी के सामने एक से अधिक अंक लिखने या एक ही अंक को दो प्रत्याशियों के सामने लिखने पर मतपत्र अमान्य हो सकता है.



