251 कलशों के साथ निकली गणीनाथ जयंती की भव्य शोभायात्रा, बाबा विश्वनाथ का हुआ जलाभिषेक

वाराणसी: संत गणीनाथ जयंती के अवसर पर शुक्रवार को काशी में मद्धेशिया समाज की ओर से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई. दशाश्वमेध स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट पर सुबह से ही बड़ी संख्या में समाज के पुरुष और महिलाएं केसरिया वस्त्रों में जुटे.
यहां 251 कलशों का विधिवत पूजन किया गया, इसके बाद संत गणीनाथ जी महाराज और पल्टू दास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की गई.
इसके बाद घाट से कलश शोभायात्रा निकली, यात्रा में संत गणीनाथ जी का रथ, घोड़े पर सवार शिव-पार्वती की झांकी, बैंड-बाजा और शहनाई आकर्षण का केंद्र रहे. श्रद्धालु हाथों में केसरिया ध्वज और गंगाजल व दूध से भरे कलश लेकर चल रहे थे. रास्ते भर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से काशी की गलियां गूंजती रहीं.
शोभायात्रा गोदौलिया चौराहा, गिरजाघर चौराहा, पीडीआर मॉल होते हुए वापस गोदौलिया पहुंची. इसके बाद बाँसफाटक, ढुंढिराज गणेश, अन्नपूर्णा मंदिर और शनि देवता मंदिर होते हुए श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, यहां संत गणीनाथ जयंती के अवसर पर बाबा विश्वनाथ का 27वां जलाभिषेक किया गया.
कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक गोपाल जी एजीआर और केपी गुप्त का अध्यक्ष रामचन्द्र गुप्ता ने माल्यार्पण कर स्वागत किया, शोभायात्रा का नेतृत्व संस्था के अध्यक्ष रामचन्द्र गुप्ता एडवोकेट ने किया.
ALSO READ:वाराणसी में 20वीं पूण्यतिथि पर याद आए भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, शहनाई बजाकर दी श्रद्धांजलि
इस दौरान राजीव गुप्त, दिनेश गुप्ता (दीनू), रमेश जी, श्याम सुंदर, निशांत, गौतम दयाल, ईशान, वीके गुप्त, रामविलास, अभिषेक गुप्ता, शुभम, रतन, विनोद, गणेश, डॉ. सरिता गुप्ता, राजलक्ष्मी, शीला कान्दू, शांति गुप्ता, ज्योत्सना समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे.



