छेहरटा-वाराणसी एक्सप्रेस का काशी में भव्य स्वागत, श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई छेहरटा (अमृतसर)-वाराणसी एक्सप्रेस शनिवार को पहली बार वाराणसी पहुंची। ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 10 मिनट पहले दोपहर 12:05 बजे कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-8 पर पहुंची, जहां भाजपा महानगर एवं जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
ट्रेन से जालंधर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्ला के पूर्व महासचिव सत पाल विरदी के नेतृत्व में पहुंचे करीब 200 श्रद्धालुओं का बैंड-बाजे, माल्यार्पण और पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि यह ट्रेन काशी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक महत्वपूर्ण सौगात है। उन्होंने कहा कि इससे अमृतसर के उपनगरीय स्टेशन छेहरटा, बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी और संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हुआ है। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ व्यापार और यात्रियों की सुविधा को भी बढ़ावा मिलेगा।
ALSO READ : जौहर विश्वविद्यालय के भवनों को गिराने के नोटिस का विरोध, एआईएमआईएम ने ज्ञापन सौंपकर की ये मांग
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 14624 प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 2:05 बजे छेहरटा (अमृतसर) से रवाना होकर वाराणसी पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 14623 प्रत्येक गुरुवार, शनिवार और सोमवार को शाम 7:05 बजे वाराणसी से छेहरटा के लिए प्रस्थान करेगी।
स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के महानगर एवं जिला इकाई के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



