चीन से गोल्ड मेडल लेकर लौटी हाकी खिलाड़ी मधु को किया गया सम्मानित ...

वाराणसीः घर के सामने कच्चे मैदान पर हॉकी की स्टिक थामने वाली धनेसरी गांव की मधु पटेल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरा. चीन में पांच से 13 सितंबर तक आयोजित एशिया जूनियर कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर स्वर्ण पदक जीता. मेडल के साथ मधु के घर लौटने पर हाकी वाराणसी के अध्यक्ष डा. एके सिंह और सचिव केबी रावत ने सम्मानित किया.
कक्षा नौ में खेल प्रतिभा के दम पर मधु का चयन स्पोर्ट्स हास्टल लखनऊ के लिए हुआ. इसके बाद उसकी जिंदगी की दिशा ही बदल गई. पढ़ाई के साथ हाकी उसका जुनून बन गई और मैदान पर लगातार मेहनत करते हुए उसने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया.
मधु ने चीन में खेले गए मुकाबलों के अनुभव साझा किए। उसने बताया कि प्रतियोगिता में मेजबान चीन के खिलाफ मुकाबला सबसे कड़ा रहा. मैच से पहले टीम को विपक्षी खिलाड़ियों और उसकी रणनीति से जुड़े वीडियो दिखाए जाते थे. साथ ही टीम की मजबूती और विपक्षी टीम की कमजोरियों के बारे में बताया जाता था, ताकि मैदान पर उसी के अनुसार रणनीति बनाई जा सके.
मधु ने बताया कि एशिया जूनियर कप के प्रत्येक मुकाबले के लिए अलग रणनीति तैयार की गई. टीम ने उसी रणनीति के मुताबिक खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया और अंततः स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही. अब उसका लक्ष्य जल्द से जल्द सीनियर वर्ग की भारतीय टीम में जगह बनाना है.
डिफेंडर की भूमिका निभाने वाली मधु ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को भी याद किया. उसने बताया कि टीम मैदान पर इसी लक्ष्य के साथ उतरी थी कि अधिक से अधिक गोल कर मुकाबले को अपने पक्ष में किया जाए. खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास से टीम ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया.
ALSO READ: काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग पर वाहन प्रतिबंध को लेकर तीर्थ पुरोहितों ने दिए सुझाव...
मधु के दादा गुलाब पटेल ने कहा कि उन्होंने हमेशा उसे पूरे मन से खेलने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया. पिता सत्य नारायण और मां मुन्नी देवी ने भी हर कदम पर उसका मनोबल बढ़ाया.



