गाज़ीपुर में बड़ा बिजली हादसा: ट्रांसफार्मर चढ़ाते समय करंट से युवक की मौत, परिजनों का हंगामा...

गाज़ीपुर : कासिमाबाद इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे 25 वर्षीय युवक सुड्डू कुमार की करंट लगने से मौत हो गई. घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब 10:30 बजे जेई श्याम अवध यादव के निर्देश पर सुड्डू को काम के लिए बुलाया गया था. वह पोल पर चढ़कर काम कर रहा था, तभी अचानक बिना सूचना के बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई.
घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे और शव रखकर करीब तीन घंटे तक जोरदार हंगामा किया. इस दौरान जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र राव ‘गुड्डू’ और भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए.
ALSO READ :नगर निगम वाराणसी की कार्यकारिणी बैठक आज, विकास मुद्दों पर होगी अहम चर्चा...
ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई, उचित मुआवजा और मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर शव देने से इनकार कर दिया.
वहीं, बिजली विभाग ने खुद को बचाते हुए कहा कि सुड्डू कुमार न तो नियमित कर्मचारी था और न ही संविदा कर्मी. अब बड़ा सवाल यही है कि अगर वह कर्मचारी नहीं था, तो आखिर किसके निर्देश पर उसे हाई-वोल्टेज लाइन पर काम करने भेजा गया?



