ईरान-अमेरिका तनाव की मार: काशी के विश्वेश्वरगंज मंडी में मसालों के दाम में तीखा उछाल...

वाराणसी:अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते ईरान-अमेरिका तनाव का असर अब काशी के स्थानीय बाजारों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है.वाराणसी के प्रमुख थोक बाजार विश्वेश्वरगंज मंडी में इन दिनों मसालों और सूखे मेवों की कीमतों में अचानक तेज उछाल देखा जा रहा है, जिससे न केवल व्यापारियों बल्कि आम उपभोक्ताओं की जेब पर भी सीधा असर पड़ रहा है.वैश्विक स्तर पर आपूर्ति शृंखला प्रभावित होने के कारण बाजार में माल की उपलब्धता कम हो गई है और इसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है.
विश्वेश्वरगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता का कहना है कि खाड़ी देशों से आने वाले मसालों की आवक में कमी आई है, जिससे इलायची, लौंग और काली मिर्च जैसे उत्पादों के दाम तेजी से बढ़े हैं. उनके अनुसार पहले जहां माल आसानी से उपलब्ध हो जाता था, वहीं अब अनियमित सप्लाई और बढ़ती लागत के कारण व्यापार करना चुनौतीपूर्ण हो गया है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात सामान्य नहीं हुए तो आने वाले समय में कीमतों में और उछाल देखने को मिल सकता है.
also read:नाली जाम करने पर नगर निगम सख्त,ठोका 50 हज़ार का जुर्माना
वहीं व्यापारी राहुल केशरी ने बताया कि मौजूदा हालात में परिवहन लागत और बीमा शुल्क में भारी वृद्धि हुई है, जिससे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. उनका कहना है कि इन बढ़ती लागतों का असर सीधे खुदरा बाजार पर पड़ रहा है और ग्राहकों को पहले से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है.
बाजार में मांग अभी भी बनी हुई है, लेकिन बढ़ती कीमतों के कारण ग्राहक अब सीमित मात्रा में ही खरीदारी कर रहे हैं, जिससे व्यापार की रफ्तार भी धीमी हो गई है. कुल मिलाकर वैश्विक तनाव की आंच अब काशी के स्थानीय बाजारों तक पहुंच चुकी है और इसका सीधा असर आम
लोगों की रसोई और बजट दोनों पर साफ नजर आ रहा है.



