नाली जाम करने पर नगर निगम सख्त,ठोका 50 हज़ार का जुर्माना

वाराणसी: अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क पर निर्माण सामग्री डालकर रास्ता बाधित करने और नाली जाम करने पर दो लोगों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

मंगलवार को वरुणापार क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रैना विला रोड पर गिट्टी और बालू डालकर आवागमन बाधित करने और नाली जाम करने के मामले में दो व्यक्तियों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना ठोका। नगर आयुक्त ने साफ चेतावनी दी कि यदि तत्काल सड़क से निर्माण सामग्री नहीं हटाई गई तो संबंधितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त भक्ति नगर भी पहुंचे, जहां नालों की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। हालांकि, सफाई के बाद सड़क किनारे पड़े कूड़े और सिल्ट को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई।
Also Read:चुनाव नतीजों पर ममता बनर्जी ने कहा-हारे नहीं, हराया गया
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नाला सफाई के 24 घंटे के भीतर हर हाल में सिल्ट का उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी की समस्या न हो।
नगर निगम की इस कार्रवाई से अब शहर में अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती जारी रहेगी।



