किराया न देने नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, पांच दुकानें सील

वाराणसी: नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए विशेश्वरगंज स्थित पांच दुकानों को सील कर दिया है. लंबे समय से किराया बकाया होने और बार-बार नोटिस के बावजूद भुगतान न करने पर यह कार्रवाई की गई, जिससे पूरे बाजार परिसर में हड़कंप मच गया.

नगर निगम इन दिनों गृहकर, जलकर के साथ-साथ निगम की दुकानों के बकाया किराये की वसूली को लेकर अभियान चला रहा है.इसी क्रम में बीते दिनों लगभग 600 दुकानदारों को नोटिस जारी कर समय से किराया जमा करने के निर्देश दिए गए थे. इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा हीलाहवाली किए जाने पर मंगलवार को सीलिंग की कार्रवाई की गई.
सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि सभी संबंधित दुकानदारों को कई बार नोटिस दिया गया, लेकिन इसके बाद भी किराया जमा नहीं किया गया. ऐसे में अब सख्त कदम उठाना जरूरी हो गया था.उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया किराया जमा नहीं किया गया तो संबंधित दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा.
ALSO READ : लंबे समय तक मेथी को कर सकते हैं स्टोर, ऐसे रहेगा ताजा
नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने दुकान संख्या 4, 5, 22, 23 और दुकान संख्या 113 (अ) को सील किया. इन दुकानों पर कुल 35 लाख रुपये से अधिक का किराया बकाया बताया जा रहा है.
नगर निगम की इस कार्रवाई से अन्य दुकानदारों में भी हलचल है और बकायेदारों में अपना किराया जल्द जमा करने की अफरा-तफरी मची हुई है.



