वाराणसी में विकास प्राधिकरण कर्मचारियों की प्रांतीय बैठक, 11 सूत्रीय मांगों पर प्रकट किया रोष ...

वाराणसी : विकास प्राधिकरण के सभागार में शनिवार को उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण कर्मचारी संयुक्त संगठन की प्रांतीय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का शुभारंभ उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा (आईएएस) एवं सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया.
बैठक में वाराणसी सहित गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या, सहारनपुर और गोरखपुर के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. इस दौरान विभिन्न प्राधिकरणों से आए पदाधिकारियों ने लंबे समय से लंबित 11 सूत्रीय मांगों पर नाराजगी जताई.
मुख्य मांगों में दैनिक वेतन और वर्कचार्ज कर्मचारियों का विनियमितिकरण, सेवा नियमावली का प्रख्यापन, वेतन विसंगतियों का समाधान और गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु चिकित्सा नियमावली लागू करने की मांग प्रमुख रही. इसके अलावा पुरानी पेंशन बहाली, कोरोना काल के 18 महीने के एरियर का भुगतान और आठवें वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई.
बैठक में विभिन्न वक्ताओं ने कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की. कार्यक्रम का संचालन दिवाकर द्विवेदी ने किया, जबकि समापन संतोष कुमार ओझा द्वारा किया गया.



