बरेका में राजभाषा लिखित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, कर्मचारियों ने दिखाया उत्साह

वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत सोमवार को राजभाषा लिखित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि, जागरूकता और ज्ञान को बढ़ावा देना रहा।
प्रतियोगिता का आयोजन बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे के नेतृत्व में किया गया। इसमें अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से राजभाषा हिंदी, हिंदी भाषा एवं साहित्य तथा सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने प्रश्नों के उत्तर देकर अपने ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रतियोगिता स्थल पर उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।
बरेका के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूक करने और कार्यालय में हिंदी के प्रयोग के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास किया गया।
ALSO READ : मालवीय चौराहे पर अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, 20 से अधिक टोटो सीज
राजभाषा पखवाड़ा-2026 के तहत बरेका में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।



