वाराणसी में थार ने आटो में टक्कर मार दूर तक घसीटा, चालक समेत दो जख्मी...

वाराणसी : जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार थार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. इस दौरान कुछ दूर तक आटो घिसटता चला गया. हादसे में ऑटो चालक और उसमें सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. दुर्घटना के बाद एंबुलेंस या अन्य वाहन नहीं मिलने पर एक ट्रॉली चालक ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए दोनों घायलों को ट्रॉली से ही हरहुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहीं टक्कर मारने के बाद थार सवार मौके से फरार हो गए.
कपसेठी थाना क्षेत्र के तक्खू की बऊली निवासी सेवचंद पटेल ऑटो चलाता है. देर रात वह जगतगंज निवासी सुषमा को उनके घर छोड़ने जा रहा था. सुषमा पेशे से ब्यूटीशियन हैं और एक शादी समारोह में श्रृंगार का काम करने के बाद रिजर्व ऑटो से घर लौट रही थीं. जैसे ही ऑटो हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर पहुंचा. उसी समय संदहा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थार ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो करीब 10 मीटर तक घिसटता चला गया. हादसे में सुषमा ऑटो के नीचे दब गईं, जबकि चालक सेवचंद पटेल गंभीर चोट लगने से बेहोश हो गया.
ALSO READ : वाराणसी चौक पुलिस ने नाजायज तलवार के साथ युवक को किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद...
हादसे के बाद काफी देर तक न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही कोई अन्य वाहन मिला. इसी दौरान पास की मुस्लिम बस्ती का रहने वाला ट्रॉली चालक मेहंदी शाह ने दोनों घायलों को अपनी ट्रॉली पर लादकर हरहुआ पीएचसी पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार महिला के सिर और पैर में चोटें आई हैं, जबकि ऑटो चालक के सिर में गंभीर चोट लगी है. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.



