वाराणसी में पीएम मोदी ने अरविंद मिल की नई परिधान निर्माण इकाई का किया उद्घाटन

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन किया. यह इकाई पूर्वांचल के वस्त्र उद्योग को नई गति देने और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का माध्यम बनेगी. इस दौरान उन्होंने इकाई की महिला कर्मियों से संवाद भी किया.
पीएम नरेन्द्र मोदी सुबह 10.10 बजे ही वाराणसी एयरपोर्ट पहुंच गए. एयरपोर्ट से ही अरविंद मिल की नई यूनिट का उद्घाटन करने मिर्जामुराद के खोचवां पहुंचे जहां 40 महिला कर्मियों से संवाद किया.
पीएम मोदी सुबह लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे और हेलीकाप्टर से सीधे मिर्जामुराद स्थित संयंत्र पहुंचे. उद्घाटन समारोह में उन्होंने इकाई का औपचारिक लोकार्पण किया. यह परियोजना करीब 100 से 150 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार हुई है. इसमें खेल परिधान, अंडरगारमेंट्स, शर्ट और टी-शर्ट का उत्पादन होगा.
संयंत्र आधुनिक विनिर्माण तकनीकों से लैस है और घरेलू तथा वैश्विक ब्रांडों की मांग पूरी करेगा. इस इकाई से एक हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है. इनमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं शामिल हैं, जिन्हें पहले से प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है. परियोजना उत्तर प्रदेश को औद्योगिक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने और विनिर्माण आधारित आर्थिक विकास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नमो घाट पहुंचे, जहां भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का अंतिम दिन आयोजित हो रहा है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए. अरविंद लिमिटेड की इस इकाई को पूर्वांचल के वस्त्र पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने वाला बताया जा रहा है.
ALSO READ : काशी में एयर शो को लेकर उत्साह, आठ पॉइंट पर स्वागत की तैयारी
यह न केवल क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाएगी, बल्कि युवाओं को कौशल विकास और स्थायी रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी. स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे. मिल के अधिकारियों के अलावा स्थानीय भाजपा नेताओं ने पीएम की अगवानी की.



