काशी में एयर शो को लेकर उत्साह, आठ पॉइंट पर स्वागत की तैयारी

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो को लेकर उत्साह का माहौल रहा। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए शहर में भाजपा की ओर से आठ पॉइंट बनाए गए। इन स्थानों पर पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविंद्र जायसवाल, महापौर अशोक कुमार तिवारी और भाजपा नेता प्रदीप जायसवाल ने एयर शो को काशी के लिए गौरव का अवसर बताया।
विधायक रविंद्र जायसवाल ने कहा कि पूरे काशी में अद्भुत रोमांच और उत्साह है। लोग छतों और चौराहों पर पहुंचकर प्रधानमंत्री का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक समय देश में हथियारों की कमी थी, लेकिन आज रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भारत आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश के डिफेंस कॉरिडोर में रक्षा उपकरणों का निर्माण देश की सामरिक क्षमता और गौरव को दर्शाता है। उन्होंने विपक्ष की ओर से प्रचार-प्रसार को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी काशी आते हैं, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उनका स्वागत-अभिनंदन करते हैं। उनके आगमन पर शहर में उत्साह रहता है और विकास कार्यों की सौगात मिलती है। उन्होंने एयर शो को काशी के लिए ऐसा आयोजन बताया, जिसकी पहले कल्पना करना भी मुश्किल था। महापौर ने अरविंद मिल के शुरू होने का भी जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से काशी में नई संभावनाएं सामने आ रही हैं।
ALSO READ : एयर शो पास पर भाजपा विधायकों की तस्वीरों के मामले ने तूल पकड़ा, कोतवाली में तहरीर दी
वहीं, भाजपा नेता प्रदीप अग्रहरी ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए शहर में आठ पॉइंट बनाए गए हैं, जबकि नमो घाट पर भी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि एयर शो के जरिए काशीवासियों को भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया।
काशी में एयर शो को लेकर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा। स्वागत स्थलों पर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के आगमन के इंतजार में मौजूद रहे।



